उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के नाम एक भावुक पाती लिखी है। इसमें उन्होंने मां की ममता, त्याग और जीवन में उनके महत्व को शब्दों में बयां किया। सीएम योगी ने इस पाती को प्रत्येक मां के नाम समर्पित करते हुए कहा कि मां के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। सीएम योगी ने लिखा, “मां केवल जननी ही नहीं, जगत जननी है। ईश्वर की जननी भी मां ही है।” उन्होंने मां की ममता को दुनिया की सबसे सुंदर भावना बताते हुए कहा कि मां वह है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन मां की जगह कोई नहीं ले सकता।
मां के न होने का दर्द शब्दों में किया बयां
मुख्यमंत्री ने मां के जीवन में भावनात्मक महत्व को रेखांकित करते हुए लिखा कि मां के न होने का अर्थ भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की गहरी छांव का हट जाना है। उन्होंने अपनी मां को अपनी प्रथम गुरु बताते हुए उन्हें अक्षर ज्ञान देने वाली पूजनीय मां के रूप में याद किया।
संन्यास के बाद मां से भिक्षा मांगने का प्रसंग याद किया
सीएम योगी ने संन्यास ग्रहण करने के तीन साल बाद घर पहुंचने के भावुक प्रसंग का भी उल्लेख किया। उन्होंने याद किया कि वह भगवा वस्त्र धारण कर अपने घर की दहलीज के बाहर खड़े थे और उन्होंने अपनी मां से कहा था, “मां, भिक्षा दीजिए।” इस प्रसंग के जरिए उन्होंने बताया कि मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया। यह प्रसंग मां और बेटे के रिश्ते के साथ-साथ त्याग, कर्तव्य और सनातन संस्कारों की भावना को भी सामने रखता है।
सीएम योगी की प्रदेशवासियों से भावुक अपील
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में लिखा कि सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। उन्होंने कहा, “कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते।” सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे ऐसा संकल्प लें, जिससे किसी निराश्रित मां को सहारा मिले, किसी वंचित मां की पीड़ा समझी जाए और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके। मुख्यमंत्री की इस पाती में मां के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सेवा का संदेश दिया गया है। साथ ही, यह अपील भी की गई है कि मातृ प्रेम और सम्मान की भावना केवल अपने परिवार तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद और बेसहारा माताओं के जीवन में भी सहारा बने।
✍️आलोक वर्मा
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।