सिरसा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा प्रदेश सरकार राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। इसके लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नशा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी है। अब तक करीब 94 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज की जा चुकी है।
पंजाब के सभी वर्ग मौजूदा सरकार से निराश
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार केवल बयानबाजी और खोखले वादों के सहारे चल रही है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार उन्हें चुटकुलों से मनोरंजन करने में लगी है। सैनी ने दावा किया था कि पंजाब के सभी वर्गों के लोग मौजूदा सरकार से निराश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार ने राज्य को बढ़ते कर्ज और आर्थिक बदहाली की ओर धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशा मुक्त हरियाणा बनाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चला रही है। हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत प्रदेश के हर जिले में मैराथन का आयोजन किया जाता है, जिसमें लाखों युवा रजिस्ट्रेशन कर भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने नशा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 94 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज की है।
इसे भी पढ़े : भारत में बदली टेलीविजन की दुनिया, वेव्स प्लेटफॉर्म से जुड़े 1.6 करोड़ यूजर्स
सिरसा के किन्नू को GI टैग मिलने पर किसानों को दी बधाई
सैनी ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य हरियाणा को नशा मुक्त बनाना है। इसके लिए युवाओं को जागरूक करने के साथ-साथ नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे को रोकने के लिए सरकार ने संकल्प सोसाइटी बनाई है और एक टास्क फोर्स का भी गठन किया है। सरकार नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग मिलने पर किसानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस बार किन्नू की बंपर फसल हुई है और किसानों को अच्छे भाव भी मिले हैं। किसानों ने धान के साथ उन्हें सम्मानित किया, जिसके लिए उन्होंने किसानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कांग्रेस पर भी पंजाब में दशकों तक वंशवादी राजनीति, भ्रष्टाचार और गुटबाजी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।