लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी दलों के नेता एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। भाजपा के ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारे पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन पर निशाना साधा है।
‘जय श्रीराम’ भी गूंजेगा और ‘राधे-राधे’ भी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा बहादुर को यह साफ़ करना चाहिए कि अब प्रदेश की जनता को क्या उनसे पूछकर अपने आराध्य का नाम लेना पड़ेगा। तुष्टिकरण में डूबी समाजवादी पार्टी यह कान खोलकर सुन ले कि ‘जय श्रीराम’ भी गूंजेगा और ‘राधे-राधे’ भी। 2027 में सत्ता में लौटने का सपाइयों का ‘सपना’ फिर टूटेगा और उत्तर प्रदेश में फिर एक बार ‘कमल’ खिलेगा। उन्होंने कहा कि सपाई पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन हैं। गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा था कि इस बार उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की शानदार विदाई करने जा रही है।
इसे भी पढ़ें : मोदी की सलाह निकली सही? CTI ने PM को कहा धन्यवाद
अयोध्या में ‘जय श्रीराम’ तो ब्रज में गूंजता है ‘राधे-राधे
केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, अयोध्या में ‘जय श्रीराम’ गूंजता है तो ब्रज में लोग ‘राधे-राधे’ कहकर एक-दूसरे का हाल पूछते हैं। दरअसल, भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नया नारा दिया है। अभी हाल में मथुरा के परखम गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ अनुसंधान केंद्र में आयोजित पार्टी की दो दिवसीय योजना एवं चिंतन बैठक के दौरान यह नारा सामने आया था। पार्टी की रणनीति में ब्रज क्षेत्र की पारंपरिक अभिवादन शैली ‘राधे-राधे’ को भाजपा के चुनाव चिह्न कमल से जोड़कर 2027 में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
‘राधे-राधे’ नारे से भाजपा ने खुद मान ली अपनी विदाई: अखिलेश
इस नारे पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा था कि ‘राधे-राधे’नारे का जो मतलब है भाजपा ने खुद ही स्वीकार कर लिया है कि उसकी विदाई होने वाली है। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा शून्य पर पहुंच जाएगी। सपा अध्यक्ष ने आगे कहा, भाजपा के लोग जानते हैं कि इस बार जनता उन्हें हरा देगी, जिस दिन चुनाव की तारीख आएगी, उसी दिन भारतीय जनता पार्टी हार जाएगी।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।