मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
उत्तर प्रदेश

यूपी चुनाव से पहले कथाओं के मंच पर सियासी शक्ति प्रदर्शन! राजा भैया, बृजभूषण से अखिलेश यादव तक सक्रिय

Desk

ऐसा नहीं है कि कथा के आयोजन सिर्फ भाजपा के नेता करवा रहे हैं। हाल ही में समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने अयोध्या में कथा कराई थी, जिसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल हुए थे।

यूपी चुनाव से पहले कथाओं के मंच पर सियासी शक्ति प्रदर्शन! राजा भैया, बृजभूषण से अखिलेश यादव तक सक्रिय
A show of political strength on the stages of religious discourses ahead of the UP elections
शेयर करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए हर तरह के हथकंड़े अपना रहे हैं। चुनाव से पहले धार्मिक कथाओं का आयोजन शक्ति प्रदर्शन का माध्यम बन गया है। धार्मिक कथाओं में राजनीतिक दिग्गजों का जमावड़ा हो रहा है।

कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री की कथा बनी सियासी जमावड़े का केंद्र

इन दिनों प्रतापगढ़ के कुंडा में स्थानीय विधायक राजा भैया बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की कथा करा रहे हैं। इसमें बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इसके साथ ही हर समुदाय के क्षत्रप भी यहां पहुंच रहे हैं। मंच से क्षत्रपों का उद्बोधन भी हो रहा है। कथा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और मनोज पांडेय, विधायक अभय सिंह समेत कई मंत्री और विधायक शामिल हो चुके हैं।

बृजभूषण की राष्ट्रकथा में जुटे थे कई दिग्गज नेता

गोंडा में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भावुक हो गए। उन्होंने अपने गमछे से आंसू पोंछे और हाथ जोड़कर हनुमान जी को याद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में बहुत से कथावाचक हैं, लेकिन कथा गायब हो चुकी है। इससे पहले बृजभूषण शरण सिंह ने राष्ट्रकथा का आयोजन करवाया था। इसमें कैबिनेट मंत्री एके शर्मा, जगदंबिका पाल, ब्रजेश सिंह, धनंजय सिंह और विधायक सुशील सिंह समेत कई नेता शामिल हुए थे। इस कथा में क्षत्रिय नेताओं के जुटने को गोलबंदी के तौर पर देखा गया था।

मनोज पांडेय की शिवपुराण कथा में पहुंचे थे CM योगी

इससे पहले योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने शिवपुराण कथा का आयोजन करवाया था। इसमें कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा थे। इस कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तीन राज्यों के राज्यपाल, प्रदेश सरकार के कई मंत्री और विधायक पहुंचे थे। इसे मनोज पांडेय का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना गया। प्रयागराज में हुई एक कथा में शामिल हुए पूर्व विधायक उदयभान भी चर्चा का विषय रहे। उन्नाव की भगवंतनगर सीट से दावेदारी कर रहे अरुण सिंह ने प्रदीप मिश्रा से शिवपुराण कथा करवाई थी। धीरेंद्र शास्त्री की कथा से पहले उनके एक विवादित बयान को लेकर खूब चर्चा हुई। इसे लेकर वार-पलटवार का दौर भी चला। कथा शुरू होने से पहले धीरेंद्र शास्त्री के पुराने बयानों पर सवाल उठे और कथा रोकने की मांग की गई। इस पर धीरेंद्र शास्त्री, निशिकांत दुबे और राजा भैया ने पलटवार किया और कई राजनीतिक बयान दिए।

इसे भी पढ़ें : हरियाणा में नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन, 94 करोड़ की संपत्ति सीज

सपा और भाजपा दोनों के नेता करा रहे धार्मिक कथाएं

ऐसा नहीं है कि कथा के आयोजन सिर्फ भाजपा के नेता करवा रहे हैं। हाल ही में समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने अयोध्या में कथा कराई थी, जिसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल हुए थे। सपा नेता मनोज सिंह डब्लू 26 नवंबर से माधोपुर में भागवत कथा कराने जा रहे हैं। इससे पहले भाजपा विधायक सुशील सिंह ने चंदौली में राजन जी महाराज की रामकथा कराई थी। लखनऊ उत्तर से विधायक नीरज बोरा ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य से रामकथा करवाई थी। बलिया की बांसडीह सीट से विधायक केतकी सिंह ने भी राजन जी महाराज से रामकथा कराई थी। सरोजनीनगर के विधायक राजेश्वर सिंह ने बीते दिनों भजन संध्या का आयोजन करवाया था। अब वह हनुमत कथा करवाने जा रहे हैं।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।

शेयर करें