सहारनपुर। यहां पुलिसकर्मियों से हुई एक चूक चर्चा का विषय बन गई है। सुप्रीम कोर्ट के एक जज के स्वागत के लिए तैनात पुलिसकर्मियों ने गलती से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को ही गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया।
गठबंधन के बाद पहली बार सहारनपुर पहुंचे ओवैसी
ओवैसी शनिवार को सर्किट हाउस पहुंचे थे। उनके साथ सुरक्षाकर्मियों को देखकर पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही सुप्रीम कोर्ट का जज समझ लिया। इस दौरान ओवैसी ने भी खड़े होकर सलामी ली। यह घटना तब घटी जब एआईएमआईएमऔर चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन के ऐलान के बाद असदुद्दीन ओवैसी शनिवार को पहली बार सहारनपुर पहुंचे थे। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद सहारनपुर के जिला अधिकरी कार्यालय पहुंचे।इस दौरान उन्होंने एडीएम से मुलाकात की और उन्हें 17 मस्जिदों को दिए गए नोटिस के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। दोनों नेताओं ने एक ही धर्म के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाते हुए मस्जिद प्रकरण में उच्चस्तरीय कमेटी गठित किए जाने की मांग भी उठाई।
मस्जिद विवाद पर ओवैसी-चंद्रशेखर ने उठाए सवाल
दोनों नेताओं ने एडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि कलक्ट्रेट परिसर स्थित विवादित संपत्ति कभी भी उत्तर प्रदेश सरकार में निहित नहीं रही। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि खेवटदारों के नाम दर्ज है। इतना ही नहीं इस पूरे विवाद एवं कार्रवाई में संपत्ति के वैधानिक संरक्षक उप्र सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड को पक्षकार ही नहीं बनाया गया। मस्जिद को ध्वस्त करने में भी जल्दबाजी की गई। उन्होंने इसे प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का सीधा उल्लंघन बताया। दोनों नेताओं ने बताया कि जिले की अन्य मस्जिदों और मदरसों को भी प्रशासन द्वारा नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे अल्पसंख्यक समाज में भय व असुरक्षा का माहौल है।
बिहार में पांच सीटें जिताने में चंद्रशेखर आजाद का था बड़ा रोल
इसके बाद ओवैसी चंद्रशेखर आज़ाद के घर पर खाना खाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह मेरी लड़ाई नहीं है, यूपी की 20 करोड़ जनता की लड़ाई है। गैर जरूरी चीजों को मुद्दा नहीं बनाना चाहिए। ओवैसी ने कहा कि आजम खान को जमानत मिल गई बहुत अच्छी बात है। वह 80 साल के हो चुके हैं। अल्लाह से दुआ है कि उनको अच्छी सेहत दे। 2022 के चुनाव में भी मैंने कहा था उससे पहले भी कहा है जिस-जिस के साथ नाइंसाफी हुई है उनके साथ इंसाफ होना चाहिए। ओवैसी ने कहा कि बिहार में भी हमारा गठबंधन था। वहां पांच सीट आने में आजाद का बहुत बड़ा रोल था। वहां पर भी हमने कहा था कि गठबंधन में हमें सीट दे दो आपने नहीं दिया लेकिन हम चुनाव लड़े। वे लोग बीजेपी को नहीं हरा पाएंगे। 2014, 2019 और फिर 2022 में चुनाव में आप लोग देख चुके हैं।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।