हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को भाजपा उत्तराखंड की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति के कार्यक्रम में शामिल हुए। इम मौके पर उन्होंने एक बार फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का दावा किया।
घुसपैठियों को भगाने का किया दावा
उन्होंने कहा कि हम एक बार फिर उत्तराखंड में घुसपैठियों को भगाने वाली सरकार बनाएंगे। प्रदेश की अस्मिता और संस्कृति की रक्षा करने वाली सरकार बनाएंगे और ऐसा होकर रहेगा। आज 20 से ज्यादा राज्यों में एनडीए की सरकार है। भाजपा को लगातार जो विजय हासिल हो रही है उसके पीछे दो बड़े कारण हैं। पहला कारण हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व और उनके द्वारा किए जा रहे विकास कार्य हैं। दूसरा कारण भाजपा की जीत के पीछे हमारा मजबूत संगठन और हमारे कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत है। अगर उत्तराखंड में भाजपा संगठन मजबूत न होता तो ऐसे मजबूत और मेहनती कार्यकर्ता आज यहां न बैठे होते तो जीत संभव नहीं है।
उत्तराखंड आकर मन में पैदा हुए चार भाव- शांति, प्रसन्नता, उपलब्धि और विश्वास
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में आकर मेरे मन में चार भाव पैदा हो रहे हैं। ये भाव शांति, प्रसन्नता, उपलब्धि और विश्वास हैं उन्होंने कहा कि जहां तक पहले भाव का सवाल है क्योंकि हरिद्वार अध्यात्म की नगरी है ऐसे में कोई भी ऐसा व्यक्ति जो अध्यात्म और भारतीय संस्कृति में थोड़ा भी भाव रखता है उसको हरिद्वार में आकर शांति महसूस होगी। दूसरा भाव प्रसन्नता यानी उत्तराखंड के उन कार्यकर्ताओं के बीच जाना जिनके साथ काम करने का मेरा लंबा अनुभव रहा है। ऐसे में हमारा पुराने साथियों के बीच जाना वाकई प्रसन्नता वाला भाव है। तीसरे भाव उपलब्धि और संतोष की बात करें तो मुझे खुद विश्वास नहीं था कि उत्तराखंड में हमारी दूसरी बार सरकार बन जाएगी लेकिन अब जो मैं कार्यकर्ताओं का हुजूम और उनके चेहरों की चमक देख रहा हूं उसे देखकर लगता है कि तीसरी बार भी उत्तराखंड में हमारी सरकार बनने जा रही है। रही बात चौथे भाव यानी विश्वास की तो विश्वास यह है कि जनता ने हमें आशीर्वाद और समर्थन दिया था और आज भी उत्तराखंड के सामान्य नागरिक से बात करता हूं तो वह सरकार और सरकार के कामकाज की तारीफ करता है। ऐसे में उत्तराखंड में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनना तय है।
इसे भी पढ़ें : राहुल गांधी को भारत की तरक्की से होती है तकलीफ! नितिन नवीन का कांग्रेस पर बड़ा हमला
चुनाव हारना मंजूर, विचारधारा से हटना मंजूर नहीं
रक्षा मंत्री ने कहा कि हमें गौरव की अनुभूति होनी चाहिए कि हम ऐसी पार्टी के कार्यकर्ता हैं जिसकी अपनी एक विचारधारा है। हम अंत्योदय के विचार से प्रेरित हैं और मानते हैं कि समाज में अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का विकास होना चाहिए। भाजपा कोई साधारण दल नहीं है यह एक ऐसी विचारधारा है जहां हमें चुनाव हारना मंजूर है लेकिन विचारधारा से हटना मंजूर नहीं है। आज हम में से कई लोग मंत्री पद का निर्वहन कर रहे हैं। हमें इस सच्चाई को समझना चाहिए कि यह हमारे लिए कोई स्टेटस सिंबल नहीं है। कभी-कभी हम जैसे लोगों के मन में भी यह भाव पैदा हो जाता है, लेकिन हमें इससे बचना चाहिए। क्योंकि हम आज जो भी हैं, आपके कारण हैं। जब कोई जनप्रतिनिधि मंत्री बनता है तो जनविश्वास का एक ध्वजवाहक होता है। मंत्री पद एक शक्ति की कुर्सी नहीं, बल्कि सेवा की एक चौकी है। राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारा संगठन एक विचार की नींव पर खड़ा है जो हमें हमेशा याद रखनी चाहिए और यही बात हमें दूसरे संगठनों से अलग करती है। हमारे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि एक देश में दो प्रधान, दो निशान और दो विधान नहीं चलेंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।