नोएडा। नोएडा के सेक्टर-6 स्थित एक प्लास्टिक उत्पाद बनाने वाली कंपनी में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाया।
कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-6 में स्थित प्लास्टिक का उत्पाद बनाने वाली एक निजी कंपनी में देर रात अचानक आग लग गई। शुरुआत में कंपनी के अंदर से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। कुछ ही देर में आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए कंपनी के कर्मचारियाों ने इसकी तत्काल सूचना दमकल विभाग को दी। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया गया। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। कंपनी में प्लास्टिक से सजावटी सामान (डेकोरेटिव आइटम) बनाने का काम किया जाता है। ऐसे में परिसर में प्लास्टिक से बनी सामग्री और अन्य ज्वलनशील वस्तुएं मौजूद होने के चलते आग तेजी से फैल गई। पूरी इमारत में आग फैलने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया।
इसे भी पढ़ें : एशिया में भारत की बढ़ती ताकत का दुनिया ने माना लोहा, मोदी बने दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता
नुकसान का आकलन बाकी
आग बुझाए जाने के बाद भी किसी प्रकार की दोबारा आग लगने की आशंका को खत्म करने के लिए दमकल विभाग की ओर से कूलडाउन (कूलिंग) प्रक्रिया जारी रखी गई। इस दौरान बिल्डिंग के अंदर मौजूद गर्म हिस्सों और आग से प्रभावित स्थानों पर पानी डालकर उन्हें ठंडा किया जा रहा है ताकि अंदर सुलग रही आग दोबारा न भड़क सके। इस घटना में राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, आग की चपेट में आने से कंपनी की इमारत और उसमें रखे सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जाना बाकी है। देर रात हुई इस घटना के बाद आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल दमकल विभाग की टीम मौके पर कूलिंग की कार्रवाई में जुटी हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।