मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
उत्तर प्रदेश

लखनऊ में कल से 5 दिन रहेगा रूट डायवर्जन, पुलिस भर्ती परीक्षा के 81 केंद्रों के आसपास लागू होगी व्यवस्था

up bureau

लखनऊ में होने वाली यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते पांच दिनों तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। साथ ही दूसरे शहरों से आने वाली बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है

लखनऊ में कल से 5 दिन रहेगा रूट डायवर्जन, पुलिस भर्ती परीक्षा के 81 केंद्रों के आसपास लागू होगी व्यवस्था
लखनऊ में कल से 5 दिन रहेगा रूट डायवर्जन, पुलिस भर्ती परीक्षा के 81 केंद्रों के आसपास लागू होगी व्यवस्था
शेयर करें

लखनऊ। लखनऊ में होने वाली यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते पांच दिनों तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। साथ ही दूसरे शहरों से आने वाली बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। जिससे परीक्षा देने आने वालों को बस पकड़ने में असुविधा न हो। यातायात पुलिस ने शहर में बने 81 परीक्षा केंद्रों के आसपास 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को सुबह 10 से परीक्षा समाप्ति तक डायवर्जन लागू किया है।

इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

नीलगिरी तिराहा से नारी निकेतन तिराहा के बीच परीक्षा सामग्री ले जाने वाले वाहन को छोड़कर समस्त प्रकार के वाहन नहीं जा सकेंगे।

परिवर्तन चौराहे से स्वास्थ्य भवन चौराहा तक वन-वे रहेगा। केवल स्वास्थ्य भवन चौराहा से परिवर्तन चौराहा की तरफ वाहन जा सकेंगे।

कैसरबाग बस अड्डे से सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बरेली की तरफ जाने वाली बसे कैसरबाग बस अड्डा से चकबस्त की तरफ नहीं जा सकेंगी।

इधर जाने वाले वाहन कैसरबाग बस अड्डे से बलरामपुर हॉस्पिटल, सिटी रेलवे स्टेशन, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था कार्यालय के सामने से डालीगंज पुल चौराहा होते हुए जा सकेंगे।

कैसरबाग बस अड्डे से बाराबंकी, फैजाबाद, गोरखपुर की तरफ जाने वाली बसें चकबस्त की तरफ नहीं जा सकेंगी। इधर जाने वाले वाहन कैसरबाग बस अड्डे से बलरामपुर हॉस्पिटल, सिटी रेलवे स्टेशन, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था कार्यालय के सामने से डालीगंज पुल चौराहा, सीडीआरआई तिराहा, क्लार्क अवध तिराहा, चिरैयाझील तिराहा होते हुए जाएंगे।

यहां से मिलेगी बस

बाराबंकी/अयोध्या/गोरखपुर जाने वाली बस को अवध बस अड्डा, कानपुर/उन्नाव/रायबरेली जाने वाली बसो को आलमबाग बस अड्डा, सुल्तानपुर को जाने वाली बसों का संचालन चारबाग बस अड्डा से किया जाएगा।

शेयर करें