लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर्स में खेले गए मुकाबले में 0-1 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी की। भारत ने दूसरे और तीसरे क्वार्टर में लगातार अंतराल पर गोल करते हुए मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा और पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से रौंदा।
Updated Date
ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को एफआईएच प्रो लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से रौंदा। लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर्स में खेले गए मुकाबले में 0-1 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी की। भारत ने दूसरे और तीसरे क्वार्टर में लगातार अंतराल पर गोल करते हुए मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा और पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराया। सुखजीत सिंह (19वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (26वें मिनट), हार्दिक (34वें मिनट), जुगराज सिंह (35वें मिनट), अभिषेक (41वें मिनट), राज कुमार पाल (43वें मिनट), और दिलप्रीत सिंह (53वें मिनट) ने भारत के लिए एक-एक गोल किया।
पाकिस्तान की ओर से एकमात्र गोल अबू महमूद ने 13वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर किया। यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत की लगातार 17वीं जीत है और हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में टीम अपने दबदबे को एक बार फिर कायम रखने में सफल रही है। इस जीत के साथ भारत अंक तालिका में स्पेन से आगे 7वें स्थान पर आ गया। भारत के 15 मैचों में 17 प्वाइंट हैं, जबकि स्पेन के इतने ही मुकाबलों में 16 प्वाइंट हैं। स्पेन को अपने आखिरी मुकाबले में अर्जेंटीना के खिलाफ शूटआउट में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, पाकिस्तान की यह टूर्नामेंट में 15वीं हार है। भारत ने मैच के दौरान 36 बार पाकिस्तान के सर्कल में प्रवेश किया और 13 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। इनमें से तीन पर गोल करने में सफलता मिली।
दूसरी ओर, पाकिस्तान ने 18 बार भारतीय सर्कल में प्रवेश किया, लेकिन वह कोई फील्ड गोल नहीं कर सका। उसे छह पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिनमें से सिर्फ एक को गोल में बदल पाया। भारतीय मिडफील्ड में हार्दिक सिंह और मनप्रीत सिंह ने शानदार खेल दिखाया। वहीं अभिषेक, दिलप्रीत सिंह और मंदीप सिंह ने लगातार पाकिस्तान के डिफेंस पर दबाव बनाए रखा। शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच की शुरुआत में पाकिस्तान ने बढ़त बनाई। 13वें मिनट में अबू महमूद ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। भारत ने दूसरे क्वार्टर में शानदार वापसी की। 19वें मिनट में सुखजीत सिंह ने बराबरी का गोल किया। इसके बाद 26वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग फ्लिक लगाकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने लंबे और सटीक पास के जरिए पाकिस्तान के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया।
दूसरे हाफ में भारत ने पूरी तरह मैच पर कब्जा कर लिया। 34वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर हार्दिक सिंह ने गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। इसके एक मिनट बाद तेज काउंटर अटैक पर जुगराज सिंह ने चौथा गोल दागकर भारत की बढ़त 4-1 कर दी। इसके बाद भी भारतीय टीम ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। 41वें मिनट में सुखजीत सिंह के शानदार पास पर अभिषेक ने गोल कर स्कोर 5-1 कर दिया। 44वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह के ड्रैग फ्लिक पर मिले रिबाउंड को राज कुमार पाल ने गोल में बदलकर भारत की बढ़त को 6-1 कर दिया। मैच के 54वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने शानदार मूव को गोल में तब्दील करते हुए मैच में भारत के लिए सातवां गोल दागा।
Edited by : Ankit Singh
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।