Mahoba : योगी सरकार के महत्वाकांक्षी 'मिशन रोजगार' ने बुंदेलखंड में एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सीएम योगी के प्रयासों से पिछड़े माने जाने वाले बुंदेलखंड के युवाओं के सपनों को अब नए पंख लग रहे हैं।✍️Sandeep
Updated Date
Mahoba : योगी सरकार के महत्वाकांक्षी ‘मिशन रोजगार’ ने बुंदेलखंड में एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सीएम योगी के प्रयासों से पिछड़े माने जाने वाले बुंदेलखंड के युवाओं के सपनों को अब नए पंख लग रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार 25 सितम्बर 2026 को महोबा जिला मुख्यालय पर युवाओं को रोजगार का एक बड़ा तोहफा मिला। निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय, उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिला सेवायोजन कार्यालय तथा मॉडल करियर सेंटर, महोबा के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
स्थानीय जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से ही नौकरी की चाह रखने वाले शिक्षित बेरोजगार युवाओं की भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। इस रोजगार मेले में देश और प्रदेश की कई प्रतिष्ठित व नामचीन कंपनियों ने हिस्सा लिया। इनमें न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर्स, टाटा मोटर्स, आईडीएफसी बैंक और इविटास स्मॉल ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड जैसी बड़ी कंपनियां शामिल रहीं। जिन्होंने बेरोजगारों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अपने स्टॉल लगाए।
मेले की सबसे खास बात यह रही कि इसमें बेहद निचले स्तर की शैक्षणिक योग्यता से लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं तक के लिए नौकरी पाने के अवसर उपलब्ध थे। जूनियर हाईस्कूल, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमाधारक, स्नातक और परास्नातक पास कर चुके अभ्यर्थी इस सुनहरे मौके का लाभ उठाने के लिए सुबह से ही कतारों में डटे रहे। कंपनियों द्वारा लाइट ऑपरेटर, ऑफिसर ट्रेनिंग, टेली कॉलर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, नर्सिंग केयरटेकर, रिलेशनशिप मैनेजर और क्रेडिट ऑफिसर जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण एवं तकनीकी रिक्त पदों पर नियुक्तियों के लिए सीधे इंटरव्यू लिए गए।
जिला सेवायोजन अधिकारी, महोबा ने मेले के सफल समापन पर आधिकारिक आंकड़े साझा करते हुए बताया कि इस एक दिवसीय रोजगार मेले के प्रति युवाओं में खूब उत्साह देखने को मिला। मेले में कुल 452 अभ्यर्थियों ने विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार दिए और चयन प्रक्रिया और स्किल टेस्ट के बाद कंपनियों द्वारा 263 योग्य अभ्यर्थियों को मौके पर ही नौकरी के लिए शॉर्टलिस्ट कर नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
बरहाल इतनी बड़ी संख्या में युवाओं को एक ही छत के नीचे रोजगार मिलने से उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। नौकरी पाने वाले युवाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस रोजगार परक अभियान की जमकर सराहना की। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी वकील अहमद ने भी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इस तरह के मेलों का आयोजन जारी रखने की बात कही।
✍️Sandeep
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।