जयपुर। जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र के रामनगर में एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मां-बेटी की हत्या के बाद बेटे के सुसाइड की आशंका
कांवटिया सर्किल के पास रामनगर स्थित एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बंद कमरे में मां, बेटे और बेटी के शव मिले हैं। मृतकों की पहचान मां सरोज और उनके बेटे-बेटी के रूप में बताई जा रही है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे सूचना मिली थी कि रामनगर इलाके में एक घर के अंदर तीन लोग बेहोशी की हालत में पड़े हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पाया कि तीनों लोग मृत अवस्था में पड़े हुए थे। ये तीनों लोग अलग-अलग कमरों में थे।
मोबाइल में मिला सुसाइड नोट, आर्थिक तंगी का जिक्र
पुलिस अधिकारी ने यह भी पुष्टि की कि एक सुसाइड नोट मौके से बरामद हुआ है। पुलिस अधिकारी दिलीप ने बताया कि सुसाइड नोट से यह जानकारी हासिल हुई है कि परिवार आर्थिक तौर पर परेशान था। आशंका है कि पहले बेटे ने मां और बेटी की हत्या की होगी और उसके बाद खुद सुसाइड किया होगा। उन्होंने कहा कि तीनों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। सुसाइड नोट किसी कागज पर नहीं था बल्कि मोबाइल में मिला है। उसे जब्त कर लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की जांच रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। आगे की कार्रवाई होने पर जानकारी साझा की जाएगी। घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी नॉर्थ करन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घर का दरवाजा खोला, तब एक युवक फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। उसकी उम्र लगभग 35 साल थी। अन्य दो कमरों में महिलाओं के शव पड़े हुए थे।
इसे भी पढ़ें : UP चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में बढ़ी तकरार! इमरान बोले- गठबंधन का मतलब एकतरफा त्याग नहीं
शवों को ले जाने के तरीके पर लोगों में नाराजगी
उन्होंने बताया कि युवक के मोबाइल से एक सुसाइड नोट मिला। एफएसएल टीम ने जांच पड़ताल की है और अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस तीनों शवों को एंबुलेंस के बजाय पिकअप वाहन में रखकर अस्पताल ले गई। सामने आए वीडियो में शवों को उठाकर पिकअप में रखते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान एक व्यक्ति शव के पैरों की तरफ हाथ लगाता भी दिखाई दे रहा है। शवों को ले जाने के तरीके पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।