मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News
UP Election 2027: अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का ‘पीडीए प्रणपत्र’ नोएडा को मिलेंगी 100 इलेक्ट्रिक सिटी बसें, सेक्टर-82 टर्मिनल से होगा संचालन अखिलेश भी जेल आएं तो पता चले कैसे गुजरते हैं दिन-रात, आजम खान ने सुनाया किस्सा IRCTC होटल घोटाले में लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ीं, दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज की याचिकाएं ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी ने भरी हुंकार, दलित का बेटा CM और अब्दुल का बेटा बनेगा डिप्टी CM शरद पवार की बिगड़ी तबीयत, मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस गठबंधन पर संकट! इमरान मसूद बोले- कबाड़ सीटें मंजूर नहीं योगी सरकार के स्वरोजगार के विजन पर खरा उतरा आजमगढ़, बलिया दूसरे और रामपुर तीसरे पायदान पर
उत्तर प्रदेश

UP Election 2027: अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का ‘पीडीए प्रणपत्र’

Desk

अखिलेश ने कहा, सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरने का निर्णय लिया जाएगा। रोजगार मिलने तक पात्र बेरोजगार स्नातकों को हर महीने पांच हजार रुपए भत्ता देने और किसानों की कर्जमाफी का वादा किया है।

UP Election 2027: अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का ‘पीडीए प्रणपत्र’
UP Election 2027: Akhilesh Yadav releases SP’s ‘PDA Pledge Document’
शेयर करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के मौके पर पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी कर भाजपा के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई का एजेंडा सामने रखा। सपा ने इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया है। इसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों और वंचित वर्गों के लिए वादों की लंबी फेहरिस्त पेश की।

बेरोजगार स्नातकों को हर महीने मिलेंगे 5 हजार रुपए

अखिलेश यादव ने लखनऊ में घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे। सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के साथ भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेरोजगार स्नातकों को नौकरी मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपए का पोषण भत्ता दिया जाएगा। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होगी। ऐसी घटनाओं के लिए संबंधित मंत्री और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। सरकारी भर्तियों की परीक्षाएं तीन से छह महीने के भीतर कराने और नियुक्तियों में अनावश्यक देरी रोकने का भी वादा किया गया है। ‘जन-मन घोषणा-पत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र’ के जरिए सपा ने रोजगार, आरक्षण, सामाजिक न्याय और आर्थिक सुरक्षा को अपने चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखा है। रोजगार मिलने तक पात्र बेरोजगार स्नातकों को हर महीने पांच हजार रुपए भत्ता देने और किसानों की कर्जमाफी का वादा किया है।

26 हजार बंद प्राथमिक स्कूल फिर खुलेंगे

शिक्षा के क्षेत्र में सपा ने 26 हजार बंद प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोलने, 12वीं पास छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने और प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू करने की घोषणा की है। पार्टी ने गरीब और पीडीए वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने तथा कौशल विकास के जरिए रोजगार से जोड़ने की बात कही है। इसके साथ ही आवासीय छात्रावासों के निर्माण और शहरी रोजगार गारंटी कानून लाने का भी प्रस्ताव रखा गया है। किसानों को अपने चुनावी एजेंडे में प्रमुखता देते हुए अखिलेश यादव ने कर्जमाफी और प्रदेश की 23 फसलों के साथ दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया। फसल खराब होने की स्थिति में किसानों को मूल्य क्षतिपूर्ति देने की व्यवस्था की जाएगी। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपए का कॉर्पस फंड बनाया जाएगा, जिससे गन्ने का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने का दावा किया गया है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए घोषणा-पत्र में डेढ़ लाख करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव है।

50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए को 50% आरक्षण

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश का विकास योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा और तहसील स्तर तक फोरलेन सड़कों से संपर्क स्थापित किया जाएगा। सामाजिक न्याय और पीडीए की राजनीति को धार देने के लिए सपा ने सरकारी ठेकों में आरक्षण का भी बड़ा वादा किया है। पार्टी के मुताबिक, 50 करोड़ रुपए तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए वर्ग को 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा जातिगत जनगणना शुरू कराने और उसकी रिपोर्ट के आधार पर सामाजिक सुरक्षा तथा विकास की योजनाएं तैयार करने की बात कही गई है। दलित समुदाय के विकास के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद गठित करने का प्रस्ताव रखा गया है। यह परिषद दलितों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान से जुड़ी योजनाओं की निगरानी करेगी। पार्टी ने गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए विशेष कदम उठाने का भी वादा किया है। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी घोषणा-पत्र में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।

इसे भी पढ़ें : अखिलेश भी जेल आएं तो पता चले कैसे गुजरते हैं दिन-रात, आजम खान ने सुनाया किस्सा

5 रुपए में मिलेगा भरपेट भोजन, यूपी में खुलेंगी समाजवादी कैंटीन

सपा ने बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपए पेंशन देने का वादा किया है। बुजुर्ग कारीगरों को भी इतनी ही वार्षिक आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धाश्रम और क्लब स्थापित करने की बात कही गई है। महिलाओं और अल्पसंख्यकों के खिलाफ जघन्य अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का भी वादा किया गया है। गरीबों और वंचित वर्गों को सस्ती खाद्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में समाजवादी कैंटीन स्थापित की जाएंगी। इनमें पांच रुपए में भोजन उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में पीडीए और गरीब परिवारों को गुणवत्तापूर्ण इलाज, दवाएं, भोजन और रहने की सुविधा मुफ्त देने का प्रस्ताव रखा गया है। कैंसर संस्थान को पूरी क्षमता से संचालित करने और वहां शोध कार्य शुरू कराने के साथ गरीब मरीजों के मुफ्त उपचार का भी वादा किया गया है।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।

शेयर करें