नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास की मुश्किलें बढ़ गई हैंं। फिलहाल वह विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है जिससे उनके विदेश जाने पर रोक लग गई है। बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट में इस संबंध में जानकारी दी।
पासपोर्ट की कमियों से भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है असर
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास ने विदेश जाने से रोकने के फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सौरव दास ने दावा किया था कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने लंदन जाने से रोक दिया। उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एक लेक्चर देने जाना था। दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को सौरव दास की याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया था। सौरव दास की विदेश जाने से रोकने के खिलाफ दायर याचिका पर बृहस्पतिवार को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) चेतन शर्मा ने हाईकोर्ट को बताया कि सौरव दास के खिलाफ ‘लुक आउट सर्कुलर’ जारी किया गया है। उन्होंंने बताया कि सौरव दास के पासपोर्ट में पाई गई कमियों का असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है।
सौरव दास को LOC की कॉपी नहीं देने पर विवाद
वहीं, सौरव दास की ओर से पेश हुए वकील ने कोर्ट में पक्ष रखा कि जब इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें फ्लाइट में चढ़ने से रोका तो उन्हें इस ‘लुक आउट सर्कुलर’ के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने सौरव दास की याचिका पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा और मामले को 9 दिसम्बर को अगली सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया। दास की ओर से पेश हुए सीनियर एडवोकेट अखिल सिब्बल ने कहा कि दास को एलओसी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने एलओसी की कापी मांगी ताकि उसे चुनौती दी जा सके। हालांकि, एएसजी ने कहा कि एलओसी की कॉपी नहीं दी जा सकती। इस पर कोर्ट ने विदेश जाने से रोके जाने के फैसले को चुनौती देने वाली सौरव दास की याचिका पर केंद्र सरकार से जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें : संविधान दिवस पर मोदी ने खोला कांग्रेस के पुराने फैसलों का पन्ना
जवाब दाखिल करने तक पासपोर्ट इस्तेमाल करने पर रोक
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया था कि पासपोर्ट आवेदन में जन्मस्थान से संबंधित जानकारी में कथित विसंगति को लेकर सौरव दास को चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। जवाब दाखिल करने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश भी दिया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पासपोर्ट आवेदन में आवेदक को सही जानकारी देना अनिवार्य होता है। यदि किसी स्तर पर जानकारी में विसंगति सामने आती है या संबंधित अधिकारियों की ओर से तथ्य छिपाने की जानकारी मिलती है, तो आवेदक को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।