नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने पंजाब और पंजाबियों के कल्याण को सर्वोपरि बताया । उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।
NDA में अकाली दल की वापसी पर PM मोदी खुश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, पंजाब और पंजाबियों के कल्याण को सबसे ऊपर रखना है। मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की एनडीए परिवार में वापसी हो रही है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे लिखा, हमारा गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जन-हितैषी शासन मिले जो राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाए। अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा सींचा गया अकाली दल-भाजपा गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।
सुखबीर बादल बोले- पंजाब, देश और सिख समुदाय के हित में है गठबंधन
उधर, शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल के बीच यह सिर्फ एक राजनीतिक गठबंधन नहीं है, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है। जैसा कि मेरे स्वर्गीय पिता कहा करते थे अकाली दल और भाजपा का रिश्ता अटूट है, जो बहुत गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब, देश और सिख समुदाय के हित में है। बादल ने कहा, आपने देखा होगा कि यह गठबंधन कितने लंबे समय तक चला। इसके दौरान कितनी सरकारें बनीं और पंजाब ने तरक्की की। पंजाब में शांति और भाईचारा कायम हुआ।
इसे भी पढ़ें : यूपी के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता परखने की तैयारी तेज
BJP-अकाली दल गठबंधन को नितिन नवीन ने बताया स्वाभाविक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, पंजाब और देश के हित में एक बहुत बड़ा निर्णय हो रहा है। प्रकाश पर्व के इस अवसर पर पूरे पंजाब में विकास का, न्याय का और सुशासन का प्रकाश फैलेगा। मैं सुखबीर सिंह बादल को और उनकी पार्टी के सदस्यों को शुभकामनाएं देता हूं। आपका एनडीए गठबंधन में शामिल होना हमारी ताकत को बढ़ाएगा। उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि शिरोमणि अकाली दल के साथ यह गठबंधन, जो हमारे साथ जुड़ रहा है, एक स्वाभाविक गठबंधन है। गठबंधन के सहयोगियों के लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच एक स्वाभाविक जुड़ाव है, जो एक बार फिर एकजुट होकर पंजाब के विकास के लिए आगे बढ़ेंगे। सिख गुरुओं की ओर से दिया गया ‘सबके कल्याण’ का संदेश, और महाराजा रणजीत सिंह की ओर से दिया गया न्याय और सुशासन का संदेश, इन संदेशों को भाजपा और शिरोमणि अकाली दल मिलकर पंजाब में आगे बढ़ाएंगे।
भारत की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है अकाली दल
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल कोई नई पार्टी नहीं है, यह भारत के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है। देश की आजादी में शिरोमणि अकाली दल के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा योगदान रहा है। आजादी के बाद भी चाहे गरीबों का मुद्दा हो, पंजाब का मुद्दा हो, मजदूरों का मुद्दा हो या फिर देश का मुद्दा, शिरोमणि अकाली दल ने हमेशा संघर्ष किया है। आपातकाल के खिलाफ सबसे पहला मोर्चा अकाली दल ने शुरू किया था। बादल ने कहा कि मुझे आज इस बात की खुशी है कि जो रिश्ता अटल बिहारी वाजपेयी और प्रकाश सिंह बादल ने 1996 में जोड़ा था, पंजाब को बचाने के लिए उस परिवार की जरूरत है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।