लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश पर दोनों दलों में जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दो टूक शब्दों में कहा कि हम किसी से चीज भीख नहीं मांग रहे हैं। उधर, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा कि यह कोई कपड़ा खरीदने की बात नहीं है कि 200 रुपए की शर्ट है तो 100 रुपए में ले लो। जो भी फैसला होगा, वह एक-एक सीट पर चर्चा के बाद होगा।
इमरान मसूद बोले- किसी से भीख नहीं मांग रहे
सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि बैठक में जो कुछ भी कहना था वह हमने कल ही स्पष्ट रूप से उन्हें कह दिया है। मैंने उन्हें अपनी 26 सीटें देने की पेशकश की है और आज हम फिर से बातचीत करने जा रहे हैं। हमे उम्मीद है कि बातचीत सकारात्मक दिशा में होगी और सीट बंटवारे पर फैसला हो जाएगा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि मुझे नहीं पता कि समाजवादी पार्टी ने कितने सीटों की पेशकश की है। मैं किसी से किसी चीज के लिए भीख नहीं मांग रहा हूं। उन्होंने यह भी कहा कि सीटें ‘मांगने’ और ‘सहयोग’ करने में फर्क होता है। इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन में आपको कुछ भी मांगने की जरूरत नहीं होती। गठबंधन के भीतर आपसी सहयोग की बात होती है। हम अंदर बैठकर टिकट बंटवारे पर फिर से चर्चा करेंगे। उम्मीद है कि आज सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय हो जाना चाहिए।
इकरा हसन और अवधेश प्रसाद ने की राम गोपाल यादव से मुलाकात
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर कहा कि हम कोशिश करेंगे कि समझौता हो जाए और एक सौहार्दपूर्ण व सम्मानजनक समझौता हो। मंगलवार को कांग्रेस के साथ सीट-बंटवारे पर बातचीत से पहले समाजवादी पार्टी की नेता व सांसद इकरा हसन और सांसद अवधेश प्रसाद मंगलवार सुबह पार्टी नेता राम गोपाल यादव के आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इकरा हसन ने कहा, जब सीट बंटवारे पर जब चर्चा होगी तो कुछ प्रस्ताव कांग्रेस की तरफ से आएंगे और कुछ प्रस्ताव हम अपनी तरफ से रखेंगे। बातचीत इसी तरह आगे बढ़ेगी। इकरा हसन ने कहा, अब तक चर्चा सार्थक और सकारात्मक रही है। दोनों पार्टियों का नेतृत्व, हम सभी के साथ मिलकर, अंतिम फैसला लेगा। बातचीत अभी शुरू ही हुई है और मुझे लगता है कि इसमें एक-दो दिन और लगेंगे। बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उनके पास कुछ प्रस्ताव हैं, और हम भी बातचीत के दौरान अपने प्रस्ताव रखेंगे। इसके बाद, अगले एक-दो दिनों में सब कुछ साफ हो जाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : कन्नौज में दर्दनाक हादसा! स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत
कांग्रेस ने सपा को सौंपी 130 सीटों की सूची
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, अभी जो बैठक हो रही है, वह इसी बारे में हो रही है। सीट बंटवारे पर कोई विवाद नहीं है। सब कुछ आसानी से सुलझा लिया जाएगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर आज दूसरे दिन बातचीत होनी है। सपा ने कांग्रेस को जिन 26 विधानसभा सीटों की पेशकश की है इनमें वे सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी या दूसरे स्थान पर रही थी इसके अलावा 20 अन्य सीटें भी कांग्रेस के खाते में प्रस्तावित की गई हैं। हालांकि, कांग्रेस की मांग इससे काफी ज्यादा है। कांग्रेस ने सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी को 130 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।