नई दिल्ली। पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक साथ रहे भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने फिर गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दल करीब छह साल पहले किसान आंदोलन के समय अलग हुए थे। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि पंजाब चुनाव में अकाली दल ‘बड़ा भाई’ रहेगा। चुनाव दोनों दल मिलकर लड़ेंगे और अकाली दल से ही मुख्यमंत्री रहेगा।
पंजाब में दोनों दल जारी करेंगे घोषणा पत्र
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन की घोषणा की। शाह ने कहा कि जब पूरा देश श्री गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मना रहा है तब हम सभी के लिए यह आनंद का विषय है कि सबसे पुराना साथी अकाली दल लौटकर फिर साथ आया है। शाह ने बताया कि भाजपा और अकाली दल पंजाब में कई प्रमुख विषयों को लेकर घोषणा पत्र जारी करेंगे। अमित शाह ने कहा, कल जब प्रधानमंत्री जी से बात हुई कि एनडीए का विस्तार हो रहा है तो उन्होंने बहुत हर्ष के साथ सुखबीर सिंह बादल को फोन किया। उन्होंने एक प्रकार से भावना व्यक्त की कि अकाली दल के साथ ही एनडीए पूरा होता है। पीएम मोदी और बादल साहब, अटल-आडवाणी और बादल साहब का वर्षों पुराना व गहरा रिश्ता रहा है। भाजपा और अकाली दल का भी एक बहुत गहरा रिश्ता रहा है।
अकाली दल से ही बनेगा मुख्यमंत्री
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंगलवार दोपहर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां वे केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा भी मौजूद रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कमरे में एक बैठक हुई है। उसमें अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर चर्चा की गई। दोनों दलों के नेताओं ने बैठकर फैसला लिया है कि अगला पंजाब विधानसभा चुनाव भाजपा-अकाली दल मिलकर लड़ेंगे। आज से अकाली दल एनडीए के सहयोगी के रूप में राजनीति में काम करेगा। अकाली दल से ही मुख्यमंत्री रहेगा।
इसे भी पढ़े : UP Election 2027: सपा-कांग्रेस में सीटों पर संग्राम, 26 सीटों के ऑफर पर भड़की कांग्रेस
पंजाब को नशामुक्त बनाने का लिया संकल्प
शाह ने पंजाब की वर्तमान आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, केजरीवाल, पंजाब में तीन माह में नशा समाप्त करने का वादा देकर आए थे, लेकिन नशा समाप्त नहीं हुआ, बल्कि बढ़ा। पंजाब की वर्तमान सरकार वादाखिलाफी वाली सरकार है। उसने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया है। पंजाब की जनता तय करके बैठी है कि जिन्होंने गुरुओं का अपमान किया है, उस सरकार और व्यक्ति को सहन नहीं किया जाएगा। अमित शाह ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, 2017 में राहुल गांधी ने उस कार्यकाल में नशा समाप्त करने का वादा किया था, लेकिन उनकी पार्टी ने नशे को समाप्त करने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा और अकाली दल साथ आ रहे हैं तो मुझे विश्वास है कि पंजाब की जनता का फैसला परिवर्तन लाएगा। मुझे भरोसा है कि पंजाब की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए को भारी बहुमत देगी और पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के फैसले का आशीर्वाद देगी।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।