लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एनडीए में सीटों के बंटवारे पर सहयोगी दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है। निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल एनडीए का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है।
बैठकें भी चल रहीं और प्रत्याशी भी घोषित हो रहे
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन के अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं, लेकिन दोनों दलों के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, वह उनके आपसी तालमेल पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले ये दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही ये विफल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा? देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की ऐसी स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है। जनता बार-बार इन दलों को खारिज कर रही है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है।
योगी का दावा- NDA की एकजुटता पर विपक्ष फैला रहा भ्रम
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि एक तरफ अपमानित हो रहे हैं और दूसरी तरफ उसी को सामान्य बताने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के लोग एनडीए की एकजुटता को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और समाजवादी पार्टी की सनातन के प्रति बदली राजनीतिक भाषा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षा की जरूरत को देखते हुए 25 दिसंबर 2021 से टैबलेट वितरण की शुरुआत की गई थी।
इसे भी पढ़ें : सौरव दास पर विदेश मंत्रालय का एक्शन, पासपोर्ट को लेकर 7 दिन में मांगा जवाब
मुझे सनातन धर्म और हिंदू होने पर गर्व, धार्मिक पहचान पर बोले सीएम योगी
उन्होंने कहा कि पहले चरण में करीब 60 लाख युवाओं को डिजिटल डिवाइस दिए गए। अब दूसरे चरण में 25 लाख और युवाओं को टैबलेट देने की योजना है। सरकार युवाओं को एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्रों से जोड़ रही है। अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और अपनी धार्मिक पहचान को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सनातन धर्म पर और हिंदू होने पर गर्व है। किसी की धारणा या सोच के कारण वे अपनी पहचान नहीं बदलेंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।