नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान थम नहीं रही है। लगातार मंथन के बाद भी दोनों दलों में सीट बंटवारे पर आम सहमति नहीं बन पा रही है। सीट बंटवारे को लेकर सपा की ओर से 26 सीटों की पेशकेश किए जाने पर इमरान मसूद ने कहा कि हम कबाड़ सीट नहीं लेंगे यह बात तो बिल्कुल कंफर्म है। हम भीख नहीं मांग रहे हैं और हमें यह मंजूर नहीं है।
संयुक्त प्रेस वार्ता ही गठबंधन का असली अर्थ
उधर, समाजवादी पार्टी ने फिर दोहराया कि सीट बंटवारे का आधार जीत होगी। सीट बंटवारे को लेकर सपा-कांग्रेस की अगली बैठक पर इमरान मसूद ने कहा कि अगली बैठक कहां होनी है मुझे इसकी जानकारी नहीं है। सपा अपना मेनिफेस्टो जारी कर रही है मैं इस पर कैसे टिप्पणी कर सकता हूं। गठबंधन का अर्थ यही होता है कि संयुक्त प्रेस वार्ता होती है और संयुक्त प्रेस वार्ता में हर बात संयुक्त होती है। गठबंधन का तो अर्थ यही होता है लेकिन यहां कुछ और हो रहा है तो इसका मुझे पता नहीं है। मसूद ने एक बार फिर खुले शब्दों में कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे तब भी हमने 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था। अब तो मुख्यमंत्री बनना है तो इससे कम का कोई अर्थ नहीं है। इस सवाल पर कि सपा के साथ अगर गठबंधन नहीं होता है तो मायावती के साथ जा सकते हैं, इस पर इमरान मसूद ने कहा कि मुझे नहीं पता है कि यह हवा-हवाई बात क्यों हो रही है जिसका हवा में भी सवाल नहीं होना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : रोहतक में ढाबे पर खूनी वारदात: अंधाधुंध फायरिंग में 4 युवकों की हत्या
गठबंधन पर अब राहुल गांधी करेंगे फैसला : मसूद
क्या गठबंधन में सब कुछ सही है? इस पर उन्होंने कहा कि अभी तक तो दिखाई नहीं दे रहा है जो हो रहा है और यह सभी के सामने है। सपा की ओर से 26 सीटें देने की बात पर इमरान मसूद ने कहा कि ये उनका फैसला है हमारा फैसला हमारी पार्टी लेगी। हमारा फैसला पार्टी को करना है कि क्या करना है, क्या नहीं करना है, हम उसमें क्या कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमने सपा से 26 सीटों की भीख मांगी है क्या? आप अपनी 26 सीटें अपने पास रखिए। उन्होंने सपा के साथ गठबंधन को लेकर कहा कि अब राहुल गांधी फैसला करेंगे कि आगे क्या करना है। उन्होंने कहा कि संभावनाओं पर तो पूरी दुनिया चलती है मैं बहुत सकारात्मक हूं, नकारात्मक आदमी नहीं हूं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लखनऊ दौरे पर मसूद ने कहा कि उनका कार्यक्रम है, उनके कार्यक्रम की तैयारी है और क्या हो सकता है जो पार्टी का निर्देश होगा, जो आदेश होगा वही होगा।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।