नई दिल्ली। केंद्र सरकार संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पास कराने की कवायद तेज करती नजर आ रही है। सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से संसद के दोनों की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। इसकी जानकारी संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजीजू ने दी। इसके बाद से ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विपक्ष भी इस मुद्दे पर हमलावर हो गया है।
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाने की तैयारी
संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजीजू के प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा सत्र 30 नवंबर से और राज्यसभा सत्र दो दिसम्बर से शुरू होगा। दोनों सदनों की कार्यवाही तीन दिसम्बर को समाप्त हो सकती है। विपक्षी दल सरकार की इस पहल की मंशा पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सरकार पर हमला बोलते हुए प्रस्तावित कदम को संविधान का अपमान और उस पर हमला करार दिया। उन्होंने इस विवाद की शुरुआत अप्रैल 2026 से बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती की शाम परिसीमन से जुड़े विधेयकों को सार्वजनिक किया था। इसके बाद 17 अप्रैल की रात संसद में ये विधेयक पारित नहीं हो सके। उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार प्रस्तावित विधेयक को पारित कराने के लिए संसद में जरूरी संख्याबल जुटाने की लगातार कोशिश कर रही है।
जयराम रमेश ने मोदी सरकार को घेरा
जयराम रमेश ने कहा, 14 अप्रैल 2026 को परिसीमन विधेयकों को सार्वजनिक किया था जिसे 17 अप्रैल 2026 की रात अपने उचित अंजाम तक पहुंचना पड़ा। उन्होंने कहा कि विधेयकों को आवश्यक संवैधानिक बहुमत और आम सहमति नहीं मिलने के कारण संसद में समर्थन हासिल नहीं हुआ और उन्हें अपने उचित अंजाम तक पहुंचना पड़ा। अब संविधान दिवस पर ऑपरेशन लोटस के 105 दिनों के बाद मोदी सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की है। उम्मीद है कि उन्हें संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए उसे दो-तिहाई का अत्यधिक संदिग्ध बहुमत मिल जाएगा।
इसे भी पढ़ें : IRCTC होटल घोटाले में लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ीं, दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज की याचिकाएं
मोदी सरकार की मंशा पर विपक्ष ने उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रस्तावित परिसीमन की कवायद को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगी। उनकी यह टिप्पणी केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को आगे बढ़ाने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की योजना को लेकर विपक्षी दलों के बढ़ते विरोध के बीच आई है। परिसीमन के मुद्दे पर अखिलेश यादव और कांग्रेस के रुख से साफ है कि विपक्ष इस मामले को संसद के साथ-साथ राजनीतिक मंचों पर भी उठाने की तैयारी में है। परिसीमन बिल के खिलाफ कांग्रेस ने घेराबंदी शुरू कर दी है। विपक्षी दल प्रस्तावित संवैधानिक बदलावों को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।
महिलाओं के मुद्दों पर विपक्ष से मांगा सहयोग
इस मुद्दे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार ने संसद का एक विशेष सत्र बुलाया है। संसद का सत्र, जिसमें दोनों सदन काम कर रहे हों अपने आप में एक बहुत महत्वपूर्ण है। चाहे बात महिलाओं से जुड़े मुद्दों की हो या किसी अन्य महत्वपूर्ण विषय की विपक्ष को रचनात्मक तरीके से सहयोग करना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, सच तो यह है कि हाल के दिनों में विपक्ष ने केवल हंगामा किया है, शोर-शराबा किया है और अफरा-तफरी का माहौल बनाया है और यह सब उन्होंने अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए किया है। इस बात को पूरे देश ने देखा है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।