लखीमपुर हिंसा में आरोपी बनाए गए केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र की जमानत पर अखिलेश यादव ने ट्वीट कर भाजपा पर हमला बोला।
Updated Date
लखनऊ, 10 फरवरी। लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में मुख्य आरोपित आशीष मिश्र को इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने गुरुवार को जमानत दे दी। कोर्ट के फैसले के बाद सपा और अन्य दलों के नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा है। आशीष मिश्र, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र “टेनी” के बेटे हैं।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिना किसी के नाम का जिक्र किए ट्विटर के जरिए कहा, ख़बरदार रहना ज़ुल्मी हुकूमत की सियासत से उनके पाले-पोसे बाहर आ रहे हैं… हिरासत से।
ख़बरदार रहना ज़ुल्मी हुकूमत की सियासत से
उनके पाले-पोसे बाहर आ रहे हैं… हिरासत से— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 10, 2022
जमानत मिलने के बाद अखिलेश की ओर से किया गया यह ट्वीट लखीमपुर खीरी प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है।
सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर ने एक बयान में कहा, आशीष मिश्रा को सिर्फ इसलिए जमानत दी गई, क्योंकि वह एक मंत्री के बेटे हैं। भाजपा जान रही है कि वह चुनाव हार रही है। वे समुदाय को यह संदेश देने के लिए कि यह जमानत उनकी कोशिश से हुई है। जमानत के जरिए वह ब्राह्मण वोट हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाजीपुर बॉर्डर और लखीमपुर खीरी में मरने वाले किसानों को न्याय नहीं मिला है, जहां भी भाजपा का निजी हित है, उस व्यक्ति को जमानत मिल जाती है।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक बयान में कहा, कल ‘कैमरे’ पर सफाई आई थी आज सामने से रिहाई आयी है। किसानों से ‘विश्वासघात’ नहीं संयोग है, ये राजा के किए अत्याचारों का ‘योग’ है।