पंजाब के 14 हजार किसानों का शंभू बॉर्डर से दिल्ली कूच शुरू हो गया है। ये 1200 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ राजधानी की तरफ निकल रहे हैं। उधर, खनौरी बॉर्डर से भी किसान हरियाणा में घुसने की कोशिश में हैं। यहां भी 800 ट्रैक्टर इनके साथ हैं।निकलने के पहले शंभू बॉर्डर पर अरदास की गई।
Updated Date
चंडीगढ़। पंजाब के 14 हजार किसानों का शंभू बॉर्डर से दिल्ली कूच शुरू हो गया है। ये 1200 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ राजधानी की तरफ निकल रहे हैं। उधर, खनौरी बॉर्डर से भी किसान हरियाणा में घुसने की कोशिश में हैं। यहां भी 800 ट्रैक्टर इनके साथ हैं।निकलने के पहले शंभू बॉर्डर पर अरदास की गई।
इसके बाद कुछ किसानों ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले दाग दिए। जिसके बाद शंभू बॉर्डर पर माहौल तनावपूर्ण है। आंसू गैस से बचने के लिए किसानों ने स्पेशल मास्क और इयर बड्स पहने हैं। शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट पर है। यहां पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं।
केंद्र सरकार ने किसानों को दिया बातचीत का न्योता
केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किसानों से बातचीत के लिए फिर से न्योता भेजा है। अगर किसान बातचीत के लिए तैयार हो जाते हैं, तो यह पांचवीं बैठक होगी। अब तक की सभी बैठकें बेनतीजा रहीं। आंदोलन का बुधवार को 9वां दिन है। अलग-अलग वजह से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में 2 किसान और 2 पुलिस सब इंस्पेक्टर हैं। किसानों के आज के अल्टीमेटम को देखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किया है।
किसी भी सूरत में किसानों को दिल्ली की तरफ जाने से रोकने के लिए सरकार ने अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए हैं। मीडिया के लोगों को भी आगे जाने से रोक दिया गया है। उच्च स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पेहवा के तुक्कर बैरियर पर सात लेयर की बैरिकेडिंग की गई है।