मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
मध्य प्रदेश

MP में केजरीवाल की दहाड़ः अब आर या पार, 10 गारंटी के साथ सत्ता की आस

Rakesh

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार को मध्य प्रदेश के सतना में 10 गारंटी के साथ चुनाव अभियान की शुरुआत की।

aap meeting
शेयर करें

सतना। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार को मध्य प्रदेश के सतना में 10 गारंटी के साथ चुनाव अभियान की शुरुआत की।

इस मौके पर उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी थे। शहर के एक रिसोर्ट में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज तक 75 साल में किसी भी पार्टी ने लोगों को चुनाव से पहले कहा हो कि हम आपके बच्चों के लिए स्कूल, इलाज के लिए अस्पताल बनवा देंगे। मामा ने बहुत धोखा दिया है। अब उस पर भरोसा मत करना। अब आपका बेटा, भाई, चाचा आ गया है। चाचा पर भरोसा करना।

दिल्ली और पंजाब के बाद मप्र में भी करेंगे काम

कहा कि हमने दिल्ली और पंजाब में काम किया है अब मप्र में भी करेंगे। केजरीवाल को गारंटी कहने की जरूरत इसलिए पड़ी कि तमाम दल घोषणापत्र बनाकर भूल जाते हैं। केजरीवाल अपना एक-एक गारंटी पूरा करेगा। जबसे हमने गारंटी दी तब से ये भी गारंटी देने लगे। उनकी गारंटी झूठी, हमारी पक्की है। आप लोगों के सामने आज मैं 10 गारंटी दे रहा हूं। सतना में बिजली कटौती नहीं होगी।

पंजाब में ‘आप’ ने एक साल में 31 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां दीं

उन्होंने कहा कि पंजाब में एक साल की सरकार में हम 31 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां दे चुके हैं। बड़ी कंपनियां निवेश कर रही हैं। क्योंकि सरकार पर विश्वास बन चुका है। 10 दिन पहले 12 हजार से अधिक शिक्षकों की नौकरियों को कच्चे से पक्का कर दिया। तनख्वाह भी तीन गुना बढ़ा दी गई। मोदी कहते हैं कि डबल इंजन की सरकार लेकिन भाई अगर इंजन में दम हो तो एक ही काफी है। अब डबल नहीं नए इंजन की जरूरत है।

आम आदमी की गाड़ी में चढ़िए और इंजन के खुद चालक बनिएः केजरीवाल

केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी की गाड़ी में चढ़िए। इंजन के खुद चालक बनिए और देश को पटरी पर लाइए। उनके पास जुमलों की फैक्ट्री है, हम जुमले नहीं उछालते। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कहा कि जिस तरह केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब में काम करके दिखाया, जैसी गारंटी उन्होंने वहां दी, वैसी ही गारंटी मप्र में भी केजरीवाल देंगे। आम आदमी पार्टी जो कहती है वह करके भी दिखाती है। आप हमें 5 साल दीजिए, हम जनता को बेहतर शासन की गारंटी देते हैं।

शेयर करें