ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे और निर्णायक टेस्ट के दूसरे दिन न्यूजीलैंड की पहली पारी 438 रनों बनाए। न्यूजीलैंड का पहला विकेट गिरने के बाद कीवी टीम ने लगातार विकेट खोए और कभी 550 या 600 के आस-पास जाती दिख रही कीवी टीम मात्र 438 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड की तरफ से कप्तान बेन स्टोक्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। स्टोक्स ने 21 ओवर में 70 रन देकर 4 विकेट लिए।
Updated Date
न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे और निर्णायक टेस्ट के दूसरे दिन अपनी पहली पारी में 438 रन बनाए। न्यूजीलैंड की पारी शुक्रवार को दूसरे सत्र में सिमट गई। न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया था। टेस्ट का पहला दिन (गुरुवार) पूरी तरह कीवी टीम के नाम रहा था। पारी की शुरुआत करने आए टॉम लैथम और डेवोन कोनवे ने पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 317 रन की साझेदारी की। लैथम 214 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से 151 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, कोनवे 224 गेंदों पर 22 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 157 रन बनाकर आउट हुए।
कोनवे और लैथम द्वारा दी गई मजबूत और बड़ी साझेदारी का फायदा बाद में आने वाले बल्लेबाज नहीं उठा सके। पहला विकेट गिरने के बाद कीवी टीम ने लगातार विकेट खोए। कभी 550 या 600 के आस-पास जाती दिख रही कीवी टीम मात्र 438 रन पर सिमट गई। टीम ने अपने आखिरी 9 विकेट सिर्फ 121 रन जोड़कर गंवाए। हेनरी निकोलस (36) और विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल (30) ही कोनवे और लैथम के अलावा इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने कुछ देर तक टिक सके। न्यूजीलैंड बेशक 400 के पार पहुंच गई है, लेकिन टीम प्रबंधन अपने मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों से निश्चित रूप से निराश होगा।
इंग्लैंड की तरफ से कप्तान बेन स्टोक्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। स्टोक्स ने 21 ओवर में 70 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा, शोएब बशीर और जोफ्रा आर्चर ने 2-2 विकेट लिए। गस एटकिंसन और जो रूट को 1-1 विकेट मिला। सीरीज का यह निर्णायक टेस्ट है। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट इंग्लैंड ने जीतकर 1-0 की बढ़त बनाई थी। कीवी टीम ने दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज को 1-1 से बराबर किया है। इस मैच में हार से बचने के लिए इंग्लैंड को पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाना होगा, वहीं कीवी टीम को जीत के लिए इंग्लैंड को पहली पारी में कम से कम स्कोर पर रोकने की कोशिश करनी होगी।
Edited by : Ankit Singh
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।