भोपाल। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में आदिवासी दशमत रावत पर एक भाजपा कार्यकर्ता के बेशर्मी से पेशाब करने की घटना की काफी निंदा की जा रही है। घटना को संज्ञान में लेते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कड़ा एक्शन लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार करवाने के साथ ही उसका घर भी ढहवा दिया है।
उन्होंने कहा कि उनके सूबे में ऐसा कृत्य किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यहां हर नागरिक का सम्मान है। उधर, गुरुवार को पीड़ित दशमत रावत भोपाल मुख्यमंत्री निवास पहुंचे।
यहां सीएम शिवराज ने दशमत के पैर धोकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। सीएम ने दशमत को सुदामा कहते हुए कहा कि तुम अब मेरे दोस्ते हो। सीएम शिवराज ने कहा कि मेरे लिए जनता ही भगवान है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित से बात की।
मन दु:खी है; दशमत जी आपकी पीड़ा बाँटने का यह प्रयास है, आपसे माफी भी माँगता हूँ, मेरे लिए जनता ही भगवान है! pic.twitter.com/7Y5cleeceF
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) July 6, 2023
सीएम ने पूछा कि कोई परेशानी हो तो मुझे बताना। बेटी लाडली लक्ष्मी है। पत्नी को लाडली बहना का लाभ मिल रहा है? आवास योजना का लाभ मिल रहा है? सीएम ने कहा कि बेटी को पढ़ाना है। बेटियां आगे बढ़ रही हैं। दशमत ने सीएम को बताया कि वह पल्लेदारी का काम करता है।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित से कहा कि मुझे बहुत दुख हुआ। मैं माफी चाहता हूं। मेरे लिए जनता ही भगवान समान है। सीएम ने दशमत को सुदामा कहते हुए कहा कि तुम अब मेरे दोस्ते हो। बता दें सीधी में भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला का दशमत रावत के ऊपर पेशाब करते वीडियो वायरल हुआ था।