आगरा। ‘हम बनें तुम बनें एक दूजे के लिए’ गाने की तर्ज पर इंस्पेक्टर साहब का दिल महिला इंस्पेक्टर पर आ गया। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं और मिलने का सिलसिला शुरू हो गया। महिला इंस्पेक्टर आगरा में पोस्टेड हैं, जबकि प्रेमी इंस्पेक्टर मुजफ्फरनगर में तैनात थे।
नोएडा में तैनाती के दौरान दोनों की आंखें हुईं चार
बताया जाता है कि इंस्पेक्टर की तैनाती पूर्व में नोएडा में थी। महिला इंस्पेक्टर भी वहां तैनात थीं। इस बीच दोनों की दोस्ती कब प्यार में बदल गई, पता ही नहीं चला। दोनों का तबादला नोएडा से होने के बाद भी मिलना-जुलना बरकरार रहा। इंस्पेक्टर पवन नागर मुजफ्फरनगर में तैनात थे। विजिलेंस में तबादला हो गया है। एक महीने से मेडिकल अवकाश पर हैं। घर से यह कहकर निकले थे कि तबादला रुकवाने जा रहे हैं। कई दिनों से घर पर संपर्क भी नहीं किया था। बस यहीं पर पत्नी को संदेह हो गया।
उन्हें शक था कि पति आगरा में महिला इंस्पेक्टर के घर होगा। वह अपने भाई ज्वाला नागर, भाभी सोनिया नागर, बेटे अधिराज नागर के साथ आगरा आईं। सीधे महिला इंस्पेक्टर के आवास पर पहुंचीं। बाहर पति की गाड़ी खड़ी थी। आगरा कमिश्नरेट में रकाबगंज थाने के आवासीय परिसर में शनिवार को शर्मसार करने वाली घटना हुई। थाना प्रभारी शैली राणा के सरकारी आवास पर मुजफ्फरनगर के इंस्पेक्टर आए थे।
पत्नी ने महिला इंसपेक्टर के घर में पकड़ा
तभी मुजफ्फरनगर से आए इंस्पेक्टर की पत्नी ने घरवालों संग धावा बोल दिया। दोनों की पिटाई की। पुलिसकर्मी तमाशबीन बने वीडियो बनाते रहे, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इंस्पेक्टर शैली राणा को निलंबित कर दिया गया है। दूसरे इंस्पेक्टर के खिलाफ रिपोर्ट भेजी गई है। रकाबगंज थाने की प्रभारी निरीक्षक शैली राणा महिला थाने के पीछे सरकारी आवास में रहती हैं। शनिवार शाम करीब 4 बजे दो महिलाओं सहित 4-5 युवकों ने उनके घर के दरवाजे को पीटा। दरवाजा खुला तो घर में घुसे चले गए।

अंदर से महिला इंस्पेक्टर और मुजफ्फरनगर में तैनात इंस्पेक्टर पवन नागर को घसीटकर बाहर लाए। वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर बनियान पहने थे। युवकों ने पिटाई लगा दी। मुजफ्फरनगर के इंस्पेक्टर की पत्नी ने गालीगलौज की। काफी देर तक चीख पुकार मची रही। इसी दरम्यान सूचना मिलने पर एसीपी सदर सुकन्या शर्मा मौके पर पहुंचीं। उसके कुछ देर बाद डीसीपी सिटी सूरज राय भी आ गए।
पूछताछ में एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसका नाम गीता नागर है। महिला इंस्पेक्टर के घर से उसने अपने पति पवन नागर को पकड़ा है। इंस्पेक्टर शैली राणा का पूर्व में भी अधीनस्थों से विवाद हो चुका है। इस वजह से बवाल के दौरान पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव नहीं किया। वीडियो बनाते रहे। वीडियो भी सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों ने ही वायरल किए।
कमिश्नर ने मुख्य आरक्षी विशाल व हरिकेश को किया निलंबित
कमिश्नर ने तमाशा देखने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाया। जांच के बाद मारपीट के दौरान वीडियो बनाने पर मुख्य आरक्षी विशाल व हरिकेश को निलंबित कर दिया। उधर, शैली राणा की तहरीर पर घर में घुसकर मारपीट, अभद्रता, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और जानलेवा हमले की धारा के तहत मुकदमा लिखा गया है।