नई दिल्ली । दिल्ली जल बोर्ड में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में ‘आप’ नेता सत्येंद्र जैन की मुश्किलें बढ़ सकतीं हैं। जमानत रद्द करने की मांग वाली एसीबी की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें नोटिस जारी किया है।
22 दिसम्बर को होगी अगली सुनवाई
दिल्ली जल बोर्ड में कथित अनियमितताओं का यह मामला काफी पुराना है। आरोप है कि जल बोर्ड के कामकाज में नियमों की अनदेखी की गई और इससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा। एसीबी ने इस मामले में सत्येंद्र जैन को आरोपी बनाया है। जैन पर पद का दुरुपयोग और अनियमितताओं में भूमिका का आरोप है। हालांकि, जैन ने शुरू से ही सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्हें राजनीतिक कारणों से फंसाया जा रहा है। दिल्ली हाई कोर्ट ने एसीबी की याचिका पर सत्येंद्र जैन से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 22 दिसम्बर को होगी। एसीबी ने ट्रायल कोर्ट के 3 सितंबर के आदेश को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। निचली अदालत ने इस मामले में सत्येंद्र जैन की अचानक और जल्दबाजी में की गई गिरफ्तारी को लेकर एसीबी की आलोचना की थी।
इसे भी पढ़ें : महिला आरक्षण और परिसीमन पर हलचल तेज, भाजपा सांसदों ने कहा- जल्द मिलेगी अच्छी खबर!
ACB की दलील- जमानत पर बाहर रहने से प्रभावित हो सकती है जांच
ट्रायल कोर्ट ने कहा था कि जिस तरह से गिरफ्तारी की गई, वह प्रक्रिया के अनुरूप नहीं लगती। अदालत ने इसी आधार पर जैन को जमानत दी थी। ‘आप’ नेता सत्येंद्र जैन पहले भी कई मामलों में जांच का सामना कर चुके हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि बार-बार नए मामलों में नाम जोड़कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। वहीं, जांच एजेंसियों का कहना है कि उनके पास ठोस सबूत हैं और कानून के अनुसार कार्रवाई हो रही है। अब एसीबी का कहना है कि ट्रायल कोर्ट का आदेश गलत है और जमानत रद्द की जानी चाहिए। एसीबी ने हाई कोर्ट में दलील दी है कि इस मामले में जांच अभी जारी है और आरोपी के बाहर रहने से जांच प्रभावित हो सकती है। एजेंसी ने यह भी कहा कि निचली अदालत ने गिरफ्तारी को लेकर की गई टिप्पणियों को जरूरत से ज्यादा तवज्जो दी। यह मामला मई 2024 में दिल्ली सरकार के डायरेक्टोरेट ऑफ विजिलेंस की शिकायत के बाद दर्ज किया गया था।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।