लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को 28 आईपीएस अफसरों का तबादला किया है। इसके अलावा कई जिलों के डीआईजी और एसएसपी समेत अन्य अफसरों को नई जिम्मेदारी मिली है। नोएडा, वाराणसी, गाजियाबाद और प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर का भी स्थानांनतरण किया गया है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
रामित शर्मा बने एडीजी लखनऊ जोन
फेरबदल के तहत आईपीएस मोहित अग्रवाल को वाराणसी पुलिस आयुक्त के पद से हटाकर प्रयागराज का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। उनकी जगह किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वह इससे पहले लखनऊ रेंज में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के पद पर तैनात थे। गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ को नोएडा का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया को हटाकर एडीजी (स्थापना) बनाया गया है। नोएडा की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, एडीजी बरेली जोन रामित शर्मा को एडीजी लखनऊ जोन और एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार को एडीजी बरेली जोन नियुक्त किया गया है। आईजी अलीगढ़ रेंज प्रभाकर चौधरी को आईजी लखनऊ रेंज बनाया गया है। अयोध्या के एसएसपी गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी नियुक्त किया गया है, जबकि सतपाल को अयोध्या का नया एसएसपी बनाया गया है।
इसे भी पढ़ें : परिसीमन बिल पर विपक्ष की रणनीति साफ नहीं, DMK और NCP-SP ने रखी अपनी शर्त
उत्तराखंड में 17 IPS-PPS अधिकारियों के तबादले
उत्तर प्रदेश सरकार का यह फेरबदल उत्तराखंड सरकार की ओर से 17 आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादले के एक दिन बाद हुआ है। उत्तराखंड सरकार ने अधिकारियों को जिलों, खुफिया इकाइयों, पीएसी बटालियनों और विशेष शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी थीं। उत्तराखंड में नैनीताल के एसएसपी मंजुनाथ टीसी को 31वीं पीएसी बटालियन, रुद्रपुर का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। वहीं, रुद्रपुर स्थित 46वीं पीएसी बटालियन के कमांडेंट पंकज भट्ट को आईआरबी-1, बैलपड़ाव का कमांडेंट बनाया गया है। खुफिया विभाग में तैनात पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा को ऊधम सिंह नगर का एसएसपी नियुक्त किया गया है। वहीं, देहरादून साइबर क्राइम सेक्टर के पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव-1 को पुलिस अधीक्षक (खुफिया) बनाया गया है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।