नई दिल्ली। केंद्र सरकार संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पास कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। वहीं विपक्ष में इस मुद्दे को लेकर बिखराव नजर आ रहा है। कई दलों ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। कांग्रेस ने इसे संविधान पर हमला बताया है जबकि कुछ कुछ पार्टियां विधेयकों की पूरी भाषा जानकारी सामने आने के बाद दी अपना रुख स्पष्ट करेंगी।
विधेयक देखे बिना समर्थन या विरोध नहीं करेगी NCP-SP
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि जब तक सरकार प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का ड्राफ्ट जारी नहीं करती और संसद के आगामी विशेष सत्र का एजेंडा साझा नहीं करती तब तक वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा कि विधेयक का अध्ययन करने के बाद पार्टी लोकसभा में अपना रुख स्पष्ट करेगी। सुप्रिया सुले ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक के आधिकारिक दस्तावेज को देखने के बाद ही पार्टी कोई ठोस रुख तय करेगी। उन्होंने कहा,सत्र की घोषणा हो चुकी है लेकिन मेरे पास एजेंडा नहीं है। मैंने अभी तक विधेयक नहीं देखा है। जब तक मैं विधेयक देख नहीं लेती तब तक मैं कुछ नहीं कह सकती। जब उनसे पूछा गया कि क्या एनसीपी-एसपी ने प्रस्तावित विधेयक पर अपना रुख तय कर लिया है इस पर सुप्रिया सुले ने जवाब दिया,आपको लोकसभा में पार्टी का रुख पता चल जाएगा।
लोकसभा में NCP-SP के 8 सांसदों की भूमिका अहम
केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस बीच ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि सरकार एक संशोधित परिसीमन विधेयक पेश कर सकती है। 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक होने वाले सत्र के लिए एनसीपी-एसपी ने एक ‘व्हिप’ जारी किया है। इसमें पार्टी के लोकसभा सदस्यों को हर दिन सदन में मौजूद रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया गया है। इस व्हिप पर शिरूर के सांसद और पार्टी के मुख्य व्हिप अमोल कोल्हे के हस्ताक्षर हैं। सुले ने कहा कि संसद सत्र की तारीखों की घोषणा के बाद व्हिप जारी करना एक सामान्य प्रक्रिया है। लोकसभा में 8 सांसद होने के कारण प्रस्तावित विधेयक पर चर्चा और मतदान के दौरान एनसीपी-एसपी का रुख काफी अहम हो सकता है।
इसे भी पढ़ें : यूपी में 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, योगी बोले- सपा-बसपा के कार्यकाल से दोगुनी भर्तियां कीं
DMK का रुख साफ, भाषा में बदलाव हुआ तो समर्थन को तैयार
उधर, डीएमके ने भी कहा है कि संसद में विधेयको की भाषा और प्रावधान सामने आने के बाद ही पार्टी कुछ तय करेगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पहले विधेयक को संसद में आने दीजिए। अगर विधेयक की भाषा बदलाव हुआ है तो पार्टी समर्थन करने को तैयार है। इस साल की शुरुआत में शरद पवार की पार्टी ने परिसीमन से जुड़ी सरकार की पिछली पहल का विरोध किया था। सुले ने तब से यही बात दोहराई है कि प्रस्तावित कानून को सबसे पहले संसद में पेश किया जाना चाहिए ताकि सांसद इसके प्रावधानों की जांच कर सकें। एक दिन पहले, उन्होंने कहा था कि इस विधेयक को संसद के सामने रखा जाना चाहिए और साथ ही यह भी कहा कि “शायद यह एक अच्छा कानून साबित हो।” उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अतीत में सत्ताधारी दल और विपक्षी दलों ने राष्ट्रीय हित में कानून पारित करने के लिए मिलकर काम किया है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।