नई दिल्ली। बिहार सरकार ने अंतरराज्यीय बस सेवाओं को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू की गई है। इससे प्रदेश के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। दोनों राज्यों के बीच बस सेवाओं के लिए एमओयू साइन किए गए। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को कश्मीरी गेट से दिल्ली और बिहार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पटना-गया-दरभंगा समेत 18 रूटों पर होगा संचालन
इससे पटना, गया, दरभंगा, मधुबनी, भागलपुर सहित बिहार के 13 शहरों एवं क्षेत्रों तक दिल्ली से सीधी बस सेवाओं का विस्तार होगा। इस संबंध में सीएम रेखा गुप्ता में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए तस्वीरें भी साझा कीं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में लिखा कि बिहार के लोगों ने अपने परिश्रम से दिल्ली को संवारा है और अपनी संस्कृति से दिल्ली को समृद्ध किया है। उनकी खुशियों में बिहार भी है और दिल्ली भी। आज दोनों राज्यों के बीच का सफर और आसान बनाने की दिशा में हमने एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। कश्मीरी गेट से दिल्ली और बिहार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं का शुभारंभ किया गया है। साथ ही, 18 बस रूटों के संचालन के लिए दोनों राज्य सरकारों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। पटना, गया, दरभंगा, मधुबनी, भागलपुर सहित बिहार के 13 शहरों एवं क्षेत्रों तक दिल्ली से सीधी बस सेवाओं का विस्तार होगा। जब भी अपनों से मिलने का मन हो, आसानी से घर जा सकें, यही हमारा प्रयास है।
दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल के लोगों को बड़ी राहत
इस पहल के लिए सीएम रेखा गुप्ता ने बिहार सरकार को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए लिखा कि इस पहल के लिए बिहार सरकार का हृदय से आभार। कार्यक्रम में कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह, बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। इस मौके पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ.पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल विशेष रूप से दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल के लोगों के लिए बड़ी राहत होगी। त्योहारों और व्यस्त यात्रा सीजन में उन्हें आवागमन की परेशानियों से निजात मिलेगी। आने वाले वर्षों में इन सेवाओं का विस्तार भी किया जाएगा। इसी बीच एक अन्य कार्यक्रम के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने प्रदूषण कम करने को लेकर 10 नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों और 9 सपोर्ट वाहनों को दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित किया।
इसे भी पढ़ें : यूपी में 28 IPS अधिकारियों के तबादले, नोएडा-वाराणसी-गाजियाबाद और प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर बदले
दिल्ली में प्रदूषण पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा एक्शन
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रदूषण पर एक्शन लगातार जारी है। अब सड़कों से उड़ने वाली धूल को रोकने के लिए भी मशीनों की संख्या और बढ़ाई गई है। आज 10 नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों और 9 सपोर्ट वाहनों को दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित किया। प्रदूषण का स्रोत चाहे छोटा हो या बड़ा, हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है, ताकि दिल्लीवासियों को स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण मिले। इस अवसर पर कैबिनेट सहयोगी मनजिंदर सिंह सिरसा, महापौर प्रवेश वाही आदि उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।