मुंबई। सनी देओल इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म गदर 2 के प्रमोशन में व्यस्त हैं। जहां हाल ही में सनी देओल ने बॉर्डर पार दूसरे देशों में किसी व्यक्ति से प्यार करने पर अपनी राय दी है। दरअसल एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उनसे सवाल किया गया कि वो सीमा हैदर और अंजू के केस पर क्या कहना चाहेंगे?
इस पर सनी देओल ने कहा कि हमें दूसरों की पसंद और इच्छा का सम्मान करना चाहिए। समाज को बॉर्डर के दोनों तरफ के लोगों के प्यार को अपनाना चाहिए और उन्हें सम्मान देना चाहिए। सनी से ये भी सवाल किया गया कि क्या गदर जैसी फिल्में इस तरह के केस में मोटिवेशन का काम करती हैं तो सनी ने कहा कि आज के टेक्नॉलाजी के दौर में उन्हें नहीं लगता कि फिल्मों के कारण ऐसा है।
लोगों को तरह तरह के ऐप और गेम का इतना एक्सपोज़र है कि मिलने और प्यार करने के कई तरीके होते हैं। लेकिन फिर भी दो इंसान अगर प्यार में हैं तो मिलना भी चाहेंगे और साथ भी रहना चाहेंगे। ऐसे में उनकी इच्छा का सम्मान होना चाहिए।
सनी ने कहा कि वो न्यूज और न्यूज चैनेल से दूर ही रहते हैं। उन्हें ज्यादा खबरें देखने में इंटरेस्ट नहीं है। बता दें कि सनी की फिल्म गदर-2 11 अगस्त को रिलीज होने वाली है। जिसको लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।