Booking.com

राज्य

  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. News Bulletin : रहना चाहते हैं ‘अप टू डेट’ तो कम शब्दों में पढ़ें सुबह की 10 बड़ी ख़बरें

News Bulletin : रहना चाहते हैं ‘अप टू डेट’ तो कम शब्दों में पढ़ें सुबह की 10 बड़ी ख़बरें

Morning Top 10 Hindi News

By इंडिया वॉइस 

Updated Date

नई दिल्ली, 23 जनवरी 2022

पढ़ें :- बालाकोट में नियंत्रण रेखा पर सेना की बड़ी कामयाबी, दो घुसपैठिये ढेर,सर्च अभियान जारी

1. पीएम मोदी आज इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करेंगे

नेताजी सुभाष चंद्रा बोस की जयंती पर उनकी होलोग्राम प्रतिमा का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अनावरण करेंगे। आपको बतादें कि इस साल नेताजी की 125वीं जयंती देश मना रहा है। इसी मौके पर उनकी होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण होना है। इसकी जानकारी खुद पीएम मोदी ने ट्वीट करके दी है।

2. जेपी नड्डा आज करेंगे राष्ट्रीय माइक्रो डोनेशन रैली को संबोधित

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज शाम 5 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए BJYM द्वारा आयोजित राष्ट्रीय माइक्रो डोनेशन रैली को संबोधित करेंगे।

पढ़ें :- 16-17 जनवरी को बीजेपी की कार्यकारिणी की बैठक, नड्डा के एक्सटेंशन पर लग सकती है मुहर

3. गतिरोधक की बजाय गतिवर्धक बन रहे हैं आकांक्षी जिले- प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास की दौड़ में पिछड़ गए जिलों को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पहले कई जिले बढ़े हुए बजट के बावजूद पिछड़े हुए हैं। अब सरकार के प्रयासों की बदौलत ये राज्य गतिरोधक के बजाय गतिवर्धक बन रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को कई जिलों के जिलाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद करते हुए कहा कि ये आकांक्षी जिले देश की प्रगति की राह में आ रही बाधाओं को दूर कर रहे हैं और गतिरोध की जगह एक्सीलेटर बनते जा रहे हैं।

4. अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के 20 जिलों का गुड गर्वनेंस इंडेक्स किया जारी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के 20 जिलों के लिए गुड गर्वनेंस इंडेक्स जारी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में बहुत से बदलाव हो रहे हैं। विकास में भी गति आई है। वर्चुअल मोड से गुड गर्वनेंस इंडेक्स का शुभारंभ करते हुए गृहमंत्री शाह ने कहा कि शुरू हुए इस सुशासन इंडेक्स के बाद अब जिलों में प्रतिस्पर्धा का दौर शुरू हो जाएगा। केंद्र की नीतियों को जिला स्तर पर मॉनिटर किया जाएगा। इससे ये भी पता चलेगा कि किस जिले में किस सेक्टर में काम करने की जरूरत है। ये इंडेक्स 10 विभागों पर बनाया गया है।

5. यूपी में 30 जनवरी तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद करने के आदेश

पढ़ें :- पंजाब सरकार ने कॉलेज, यूनिवर्सिटी के शिक्षकों के लिए 7वां वेतन आयोग लागू किया, गेस्ट फैकल्टी की भी सैलरी बढ़ी

उत्तर प्रदेश सरकार ने 30 जनवरी तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद करने के निर्देश दिए हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार ने 23 जनवरी तक प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद करने के निर्देश दिए थे। राज्य सरकार ने शनिवार को एक बार फिर स्कूल और कॉलेजों को 30 जनवरी तक बंद करने का आदेश जारी किया। इस दौरान ऑनलाइन क्लास चलती रहेंगी। सरकार का ये आदेश सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा।

6. भारत-पाकिस्तान सरहद पर BSF का “ऑपरेशन सर्द हवा” शुरू

भारत- पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सरहद पर सीमा सुरक्षाबल (BSF) राजस्थान फ्रंटीयर ने शनिवार से ‘ऑपरेशन सर्द हवा’ शुरू किया है। सुरक्षा बल ने सीमा पर अपनी नियमित गश्त और चौकसी बढ़ा दी है। BSF के सूत्रों के मुताबिक शनिवार से शुरू ये ऑपरेशन 28 जनवरी तक चलेगा। बॉर्डर पर तारबंदी के नजदीक जवानों के साथ उनका हौसला अफजाई करने अधिकारी भी तैनात रहेंगे और कड़ी निगरानी रखी जाएगी। ऑपरेशन सर्द हवा के चलते BSF की सभी विंग एक्टिव रहेंगी।

7. संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने बयान- कश्मीर में हो रहा मानवाधिकारों का सम्मान

संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस का मानना है कि कश्मीर में मानवाधिकारों का पूरा सम्मान हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कश्मीर मुद्दे का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से हो सकता है। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एक पाकिस्तानी पत्रकार ने कश्मीर से जुड़ा सवाल उठाया तो गुटेरेस ने साफ कहा कि कश्मीर ऐसी स्थिति में है, जहां मानवाधिकारों का सम्मान किया जाता है और उन स्थितियों में लोग शांति और सुरक्षा के साथ रह सकते हैं। शांति के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए गुटेरेस ने कहा कि उन्होंने कई बार अपनी ओर से सहयोग की पेशकश की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये कुछ ऐसी चीज है, जिसका शांतिपूर्ण तरीके से समाधान किया जा सकता है।

8. दिल्ली के व्यापारी चाहते हैं कोविड प्रतिबंधों से मुक्त हों बाजार- कैट सर्वे

पढ़ें :- News Bulletin : रहना चाहते हैं 'अप टू डेट' तो कम शब्दों में पढ़ें सुबह की 5 बड़ी ख़बरें

राजधानी दिल्ली के अधिकांश व्यापारियों ने बाजारों को कोविड-19 प्रतिबंधों से मुक्त करने और हफ्ते के सभी दिन बाजार खोलने के पक्ष में अपनी राय दी है। खुदरा कारोबारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के एक ऑनलाइन सर्वेक्षण में 96 फीसदी व्यापारियों ने बाजार खोलने की बात कही है। कैट ने शनिवार को इस सर्वेक्षण के नतीजे जारी करते हुए ये बात कही।

9. एक हजार शहरों में 5G नेटवर्क लाने की तैयारी में रिलायंस Jio

निजी क्षेत्र की दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी रिलायंस जियो 5G नेटवर्क लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। जियो ने इसके लिए देश के एक हजार छोटे-बड़े शहरों में 5G नेटवर्क कवरेज का ढांचा खड़ा करने की योजना बनाई है। कंपनी इस लक्ष्य को पाने के लिए अपनी फाइबर नेटवर्क के विस्तार के साथ पायलट योजना भी चला रही है। गौरतलब है कि वोडाफोन-आइडिया और एयरटेल भी अपनी 5G सर्विस लॉन्च करने जा रहे हैं।

10. हिमाचल प्रदेश में जारी है बर्फबारी का दौर, शिमला में सीजन की तीसरी बर्फबारी

हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, निचले और मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा और शिमला जिलों में बर्फबारी हो रही है। शिमला शहर में सीजन का तीसरा हिमपात हुआ है। यहां दोपहर के समय बर्फबारी हुई, जिससे सैलानियों के चहरे खिल गए। प्रदेश को फिलहाल बर्फबारी से राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के मैदानी हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट और पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के मध्य पर्वतीय इलाकों में 23, 24 और 25 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook, YouTube और Twitter पर फॉलो करे...
Booking.com
Booking.com
Booking.com
Booking.com