नई दिल्ली, 24 जुलाई 2022
1. राष्ट्रपति कोविन्द का विदाई समारोह : राष्ट्रपति ने कहा-राष्ट्रहित में काम करना ही सांसदों की प्राथमिकता
राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने शनिवार को जनप्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जैसा कि किसी भी परिवार में होता है, कभी-कभी संसद में भी मतभेद हो जाते हैं। लेकिन हम सभी ‘संसद परिवार’ के सदस्य हैं, जिनकी सर्वोच्च प्राथमिकता देश के बड़े संयुक्त परिवार के हित में काम करते रहना है।
2. पार्थ चटर्जी को 2 दिनों की ED हिरासत, PA भी हिरासत में
पश्चिम बंगाल में शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार ममता कैबिनेट के मंत्री पार्थ चटर्जी को 2 दिनों की ED हिरासत में भेज दिया गया है। शनिवार दोपहर ED के अधिकारियों ने ESI जोका में चटर्जी की चिकित्सकीय जांच कराने के बाद उन्हें बैंकशाल कोर्ट में मौजूद विशेष CBI कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें दो दिनों की हिरासत में भेजा गया है। सूत्रों ने बताया है कि उनसे लगातार पूछताछ होगी। पार्थ चटर्जी के PA सुकांत अचार्य को भी हिरासत में लिया गया है। उन्हें न्यूबैरकपुर स्थित घर से हिरासत में लिया गया। वो पार्थ चटर्जी द्वारा गठित नियुक्ति सलाहकार समिति के सदस्य भी थे। बतादें कि 28 घंटे तक पूछताछ के बाद ED अधिकारियों ने पार्थ चटर्जी को शनिवार सुबह करीब 10 बजे गिरफ्तार किया था।
3. झारखंड पर्यटन नीति-2022 लॉन्च
दिल्ली में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज हम लोगों ने झारखंड पर्यटन नीति-2022 को लॉन्च किया है। झारखंड को लोग आमतौर पर खनिज संपदाओं को लेकर जानते हैं। लेकिन इसके साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक स्थल का एक बड़ा क्षेत्र हमारे राज्य में है। इसको ध्यान में रखते हुए हमने कई क्षेत्रों को जोड़ने का प्रयास किया है। जिस तरह से देश को आगे बढ़ाने में झारखंड की एक अहम भूमिका है, उसी तरह पर्यटन के क्षेत्र से हम राज्य को एक नई दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं।
4. हेमंत सोरेन सरकार से समर्थन वापसी की चेतावनी, विधायक कमलेश सिंह बाेले ‘चारों ओर मची है लूट’
राष्ट्रपति चुनाव के बाद झारखंड में मची सियासी उथल-पुथल के बीच JMM गठबंधन सरकार को समर्थन दे रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक कमलेश कुमार सिंह की नाराजगी सामने आई है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर हेमंत सरकार को समर्थन दे रहे विधायक का कहना है कि सरकार को समर्थन देने का उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ। प्रदेश में अफसरों ने चारों तरफ लूट मचा रखी है। कमलेश सिंह ने कहा कि यही हाल रहा तो वो कड़ा फैसला लेने को मजबूर होंगे।
5. Monkeyox : WHO ने मंकीपॉक्स को लेकर घोषित किया वैश्विक आपातकाल, 70 से ज्यादा देशों में फैला वायरस
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मंकीपॉक्स को लेकर अलर्ट जारी किया है। शनिवार को WHO ने मंकीपॉक्स को लेकर ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी की घोषणा की। इस संबंध में विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि मंकीपॉक्स का प्रकोप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता करने वाला है। सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर इमरजेंसी लगाई जा रही है।