नई दिल्ली, 25 जुलाई 2022
1. President : द्रौपदी मुर्मू आज लेंगी राष्ट्रपति पद की शपथ
नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेंगी। शपथग्रहण के बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने रविवार को जारी अधिसूचना में कहा कि नव-निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति पद ग्रहण समारोह सोमवार, 25 अप्रैल को सुबह 10.15 बजे संसद भवन के केंद्रीय सभागार में होगा। भारत के मुख्य न्यायाधीश एन वी रमना उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। इस समारोह में उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारत के मुख्य न्यायाधीश एन वी रमना, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपालगण, मुख्यमंत्रीगण, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्यगण और सरकार के प्रमुख नागरिक और सैन्य अधिकारी शामिल होंगे।
2. प्रधानमंत्री मोदी आज हरमोहन यादव की 10वीं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम 4:30 बजे स्वर्गीय हरमोहन सिंह यादव की 10वीं पुण्यतिथि के मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। PMO के मुताबिक हरमोहन सिंह यादव एक महान व्यक्ति और यादव समुदाय के नेता थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की भागीदारी दिवंगत नेता के किसानों, पिछड़े वर्गों और समाज के अन्य वर्गों के लिए योगदान की मान्यता में है। हरमोहन सिंह यादव लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहे और उन्होंने एमएलसी, विधायक, राज्यसभा सदस्य और ‘अखिल भारतीय यादव महासभा’ के अध्यक्ष के रूप में विभिन्न पदों पर कार्य किया। उन्होंने अपने बेटे सुखराम सिंह की मदद से कानपुर और उसके आसपास कई शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
3. स्मृति ईरानी ने पवन खेड़ा, जयराम रमेश और अन्य को भेजा कानूनी नोटिस
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को कांग्रेस और उसके नेताओं को उनकी 18 साल की बेटी पर की गई टिप्पणियों को लेकर कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें उनसे लिखित तौर पर बिना शर्त माफी मांगने और आरोपों को वापस लेने को कहा गया है। ये कानूनी नोटिस कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, जयराम रमेश, नेट्टा डिसूजा और पार्टी को भेजा गया है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि उक्त व्यक्तियों ने ईरानी और उनके परिवार की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से झूठे आरोप लगाए हैं।
4. बिहार : छपरा में हुए विस्फोट में एक परिवार के 6 सदस्यों की मौत
बिहार में छपरा के नगर थाना क्षेत्र के तहत खैड़ा स्थित मस्जिद के पास पटाखा कारोबारी रियाज मियां के घर में विस्फोट होने के बाद पूरा मकान ढह गया। इस धमाके में 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मरने वाले सभी एक ही परिवार के हैं। घटनास्थल पर मलबे को हटाने का काम जारी है। पुलिस के मुताबिक खैरा थाना के खोदाईबाग बाजार गांव में हुए बम विस्फोट मामले में एक ही परिवार के 6 लोग की मौत हो गई।
5. पूर्व विधायक चंद्रकांत रघुवंशी अपने 1200 शिवसेना कार्यकर्ताओं सहित शिंदे समूह में शामिल
नंदूरबार जिले के शिवसेना के पूर्व विधायक चंद्रकांत रघुवंशी रविवार को अपने 1200 समर्थकों सहित मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के शिंदे समूह में शामिल हो गए। इससे शिवसेना को नंदूरबार सहित खानदेश में करारा झटका लगा है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इन सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह चट्टान की तरह खड़े हैं, इसलिए महाराष्ट्र का विकास अब तेजी से होगा।