नई दिल्ली, 17 जुलाई 2022
1. राजग ने उपराष्ट्रपति पद के लिए जगदीप धनखड़ को बनाया उम्मीदवार, JDU का समर्थन
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने उपराष्ट्रपति पद के लिए जगदीप धनखड़ को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद धनखड़ के नाम की घोषणा की। बीजेपी मुख्यालय में संसदीय बोर्ड की बैठक में नड्डा के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मध्य प्रदेश के राज्यपाल शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी महासचिव (संगठन) बीएल संतोष समेत सभी सदस्य मौजूद रहे। बैठक में धनखड़ के नाम पर मुहर लगाई गई। जिस पर NDA के सहयोगी दलों ने भी अपनी सहमति दी है।
2. मॉनसून सत्र में सुचारू कामकाज के लिए लोकसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से की सहयोग की अपील
अगले हफ्ते सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मॉनसून सत्र से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही सुचारू ढ़ंग से चलाने में सभी दलों से सहयोग की अपील की। संसद भवन परिसर में शनिवार को आयोजित सर्वदलीय बैठक के बाद बिरला ने कहा कि सत्र के संबंध में सभी दलों के नेताओं से विचार विमर्श हुआ। बिरला ने सभी दलों के नेताओं से आग्रह किया है कि देश के हित में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करें। सदन बिना हस्तक्षेप के मर्यादा के साथ चले।
3. न्याय तक सबकी पहुंच है तो लोकतंत्र सफल- CJI रमन्ना
भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) एनवी रमन्ना ने कहा कि लोकतंत्र तभी सफल माना जाएगा जब न्याय तक सभी की पहुंच और कानून में सभी की भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि जब न्याय व्यवस्था तक गरीब की पहुंच रहेगी तभी वो अपने अधिकारों के उल्लंघन पर कानून का उपयोग कर पाएगा। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि देश में 5 करोड़ से अधिक मुकदमे लंबित चल रहे हैं। ऐसे में साल 2047 में क्या हालात होंगे?। ऐसे ठोस कदम उठाए जाने चाहिए कि अगले दो साल में 2 करोड़ मुकदमें कम हो जाए। अगर इसके लिए नियम बनाने की जरूरत पड़े तो विधायिका को आगे आना चाहिए।
4. छत्तीसगढ़ के कद्दावर मंत्री टीएस सिंहदेव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से दिया त्यागपत्र
छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार के कद्दावर मंत्री टीएस सिंहदेव ने शनिवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया। हालांकि अपने प्रभार वाले बाकी विभागों में वो कैबिनेट मंत्री के रूप में बने रहेंगे। फिलहाल उनके त्यागपत्र देने का कारण साफ नहीं हुआ है।
5. किसान हित केन्द्र सरकार की प्राथमिकता नहीं- कांग्रेस
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर व्यापारिक घरानों के हितों के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके प्राथमिकता में किसान हित शामिल नहीं है। पार्टी के किसान और खेत मजदूर कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैहरा ने शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि पिछले 10 सालों में व्यापारिक घरानों के 12 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए गए हैं। वहीं देश का किसान कर्ज के बोझ तले दब कर आत्महत्या कर रहा है। खैहरा ने कहा कि साल 2000 से साल 2015 के बीच साढ़े 4 लाख किसानों और खेत मजदूर ने आत्महत्या की है।