मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News
अन्य खबरें

राजस्थान यूनिवर्सिटी में पुलिस ने छात्रों पर जमकर बरसाईं लाठियां. कई घायल

Rajni

राजस्थान यूनिवर्सिटी में पुलिस ने बुधवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर जमकर लाठियां बरसाईं। जिससे कई छात्र घायल हो गए।

Police lathicharged
शेयर करें

जयपुर। राजस्थान यूनिवर्सिटी में पुलिस ने बुधवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर जमकर लाठियां बरसाईं। जिससे कई छात्र घायल हो गए। छात्र यूनिवर्सिटी में मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे थे। हालात तब खराब हुए जब प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेड तोड़कर कुलपति सचिवालय तक पहुंच गए और वहां हो रही सिंडिकेट की बैठक में हंगामा करने लगे। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर छात्रों को खदेड़ा।

बड़ी संख्या में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्र प्रदर्शन करने कुलपति सचिवालय की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर पहले ही रोक दिया। इससे नाराज छात्र पुलिस से उलझ गए और बैरिकेडिंग हटाकर कुलपति सचिवालय की ओर बढ़ने लगे। एबीवीपी के छात्रों के साथ एनएसयूआई के भी छात्र कुलपति सचिवालय की ओर चल पड़े। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें एनएसयूआई के राजेंद्र गोरा के गंभीर चोटें आई हैं।

फिलहाल एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ता कुलपति सचिवालय के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। गांधीनगर थाना पुलिस ने हंगामा कर रहे एबीवीपी के 10 से ज्यादा छात्र नेताओं को हिरासत में लिया। एडिशनल डीसीपी ईस्ट अवनीश ने कहा कि कुछ छात्र सिंडीकेट बैठक में बाधा डालने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए उन्हें खदेड़ा है।

बता दें कि राजस्थान यूनिवर्सिटी में एक साल के लंबे अंतराल के बाद सिंडिकेट की बैठक हो रही है। इसमें कुल 40 से ज्यादा प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। बैठक में शामिल होने के लिए विधायक अमीन कागजी और गोपाल मीणा भी पहुंचे। सिंडिकेट का कोरम पूरा होने के साथ ही बैठक शुरू की गई थी तभी ये हंगामा होने लगा।

शेयर करें