यमुनानगर। यमुनानगर खंड रादौर गांव जठलाना के वाल्मीकि मोहल्ले के लोगों को गंदगी के कारण भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि मोहल्ले की गलियां, नालियां टूटी पड़ी हैं। जिससे गंदगी से संक्रामक रोगों की आशंका बनी रहती है।
वाल्मीकि मोहल्ले के अमरचंद, रेखा रानी, गुरनाम सिंह, अजमेरों कृष्ण, रोहित, मोहित ,बलराम, विकास , वंश ,साहिल आदि का कहना है कि मोहल्ले में बना नाला काफी समय से टूटा पड़ा है। जिस कारण पानी की निकासी न होने से मच्छर व मक्खी पनप रहे हैं। बरसात होने पर समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
सरपंच से कहने के बावजूद नहीं हुआ समाधान
समस्या के बारे में मौजूदा सरपंच को भी कई बार अवगत करा चुके हैं। लेकिन समस्या का आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय तो यहां जनप्रतिनिधि दिन-रात चक्कर लगाते हैं लेकिन चुने जाने पर फिर यहां कोई भी आकर नहीं देखता। लोगों का कहना है कि यहां पर गंदगी के ढेर लगे पड़े हैं जिसकी वजह से भी बीमारियां फैलने का खतरा है। सरपंच प्रतिनिधि बीर सिंह ने बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान होगा।