लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर किया जाएगा। सीएम की मां का निधन शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित उनके गांव पंचूर में निधन हो गया था।
रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे योगी
शनिवार सुबह से ही उनके गांव में श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ जुटी रही। घर पर अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी की गईं। फिर सुबह अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए निकली। इस दौरान मां के अंतिम दर्शन कर सीएम योगी फफक कर रो पड़े और उनके पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाए। इससे पहले वे रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास ही बैठे ही रहे और अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया। मुख्यमंत्री ने परिजनों और उनकी देखभाल करने वालों से मां के अंतिम समय के बारे में भी जानकारी ली। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों भी शामिल होंगे। मां के निधन की सूचना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुक्रवार को उस समय मिली जब वह गोरखपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। भाषण समाप्त होने के बाद उनके सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उन्हें इसकी जानकारी दी।
पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे CM
इसके बाद मुख्यमंत्री ने निर्धारित कार्यक्रम पूरा किया और अन्य सभी कार्यक्रम रद्द कर उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। पंचूर गांव पहुंचने के बाद उन्होंने मां के अंतिम दर्शन किए और परिजनों के साथ समय बिताया। सावित्री देवी लंबे समय से बीमार थीं।
इससे पहले अप्रैल 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था। उस समय कोरोना महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों और मुख्यमंत्री के दायित्वों के चलते वह पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। उधर, गोरखनाथ मंदिर परिवार की ओर से भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। शुक्रवार को मंदिर परिसर में उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और शोकसभा आयोजित की गई। मां के अंतिम संस्कार और संबंधित रस्मों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार दोपहर तक उत्तराखंड से लखनऊ के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।