BJP : भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। लंबे इंतजार के बाद सामने आई इस टीम को केवल संगठनात्मक फेरबदल मानना जल्दबाजी होगी।✍️Rajnish
Updated Date
BJP : भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। लंबे इंतजार के बाद सामने आई इस टीम को केवल संगठनात्मक फेरबदल मानना जल्दबाजी होगी। इसमें आने वाले विधानसभा चुनावों के साथ-साथ 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों की झलक भी दिखाई दे रही है। पार्टी ने अनुभवी चेहरों को बनाए रखने के साथ कई नए नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं।
नई टीम में बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव संगठन के पद पर बरकरार हैं। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव संगठन बनाए गए हैं। संगठन की रीढ़ माने जाने वाले इन पदों पर निरंतरता का मतलब साफ है कि नितिन नवीन बदलाव के साथ पार्टी की मौजूदा संगठनात्मक व्यवस्था को भी मजबूत रखना चाहते हैं।
नई टीम में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राम माधव और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं के साथ उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर की मौजूदगी महत्वपूर्ण है। यानी पार्टी ने क्षेत्रीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व को भी ध्यान में रखा है।
राष्ट्रीय महासचिवों में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरिश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है। खास बात यह है कि सुनील बंसल और विनोद तावड़े जैसे संगठन के अनुभवी चेहरों पर पार्टी ने फिर भरोसा जताया है।
यह भी पढ़ें : लखीसराय हादसे में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख का मुआवजा, CM सम्राट चौधरी ने जताया गहरा दुख
लेकिन सबसे ज्यादा राजनीतिक चर्चा स्मृति ईरानी की नियुक्ति की है। उन्हें राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे समय में यूपी की कमान स्मृति ईरानी को देना बताता है कि पार्टी प्रदेश के संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर गंभीर है। नितिन नवीन पहले ही यूपी के करीब 20 सांसदों से अलग-अलग मुलाकात कर जमीनी राजनीतिक स्थिति और सामाजिक समीकरणों की जानकारी ले चुके हैं।
राष्ट्रीय सचिव के पद पर कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, डॉ. भोला सिंह, डॉ. प्रदीप वर्मा, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, डॉ. संदीप पाठक, फांगनॉन कोन्याक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, डॉ. एम. वेंकटेशन, मनोज तिग्गा, सिद्धार्थ शंभू, डॉ. स्वदेश सिंह, मृगांका देव बर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश को जिम्मेदारी मिली है। इस सूची में अलग-अलग राज्यों और सामाजिक समूहों से आने वाले नेताओं को जगह देकर बीजेपी ने अपने संगठन को व्यापक प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है।
पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष बनाया गया है, वहीं तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी और महेंद्र पांडे को केंद्रीय कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा संबित पात्रा को नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेटर और विष्णु दत्त शर्मा को सभी प्रकोष्ठों का समन्वयक बनाया गया है।
नई टीम में युवा और महिला नेतृत्व को भी महत्वपूर्ण जगह दी गई है। इससे संकेत मिलता है कि बीजेपी आने वाले समय में संगठन को नई पीढ़ी के हिसाब से ढालना चाहती है। आज की राजनीति में केवल बूथ संगठन पर्याप्त नहीं है। सोशल मीडिया, युवा मतदाता, महिला वोटर और नए सामाजिक समूह चुनावी रणनीति के केंद्र में आ चुके हैं।
नितिन नबीन की नई टीम के सामने पहली बड़ी चुनौती 2027 के विधानसभा चुनाव हैं। उत्तर प्रदेश के साथ कई राज्यों में होने वाले चुनाव बीजेपी के संगठन की पहली बड़ी परीक्षा होंगे। इसके बाद यही टीम 2029 के लोकसभा चुनाव की रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम को सिर्फ ‘पदों की सूची’ के तौर पर देखना ठीक नहीं होगा। यह नितिन नवीन के संगठनात्मक नेतृत्व की पहली बड़ी तस्वीर है। पुराने संगठन की ताकत बरकरार, नए चेहरों को मौका और राज्यों के हिसाब से नई रणनीति। अब देखना यह है कि दिल्ली में बनी यह ‘टीम नवीन’ जमीन पर बीजेपी के लिए कितनी प्रभावी साबित होती है।
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त सभी विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इन्हें केवल वेब पोर्टल पर प्रकाशन हेतु संपादित एवं व्यवस्थित किया गया है। मूल भाव, आशय एवं तथ्यों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इस लेख में व्यक्त विचारों, मतों अथवा उनसे उत्पन्न होने वाले किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष परिणाम के लिए वेब पोर्टल अथवा उसके प्रकाशक किसी भी प्रकार से उत्तरदायी नहीं होंगे।
✍️Rajnish
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।