नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के भारतीय नागरिकता हासिल करने से पहले मतदाता सूची में नाम शामिल होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने राउज एवेन्यू कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल कर दी है। एक अधिवक्ता की ओर से दाखिल की गई शिकायत पर कोर्ट ने मामले का संज्ञान लिया है।
DM और गृह मंत्रालय से हुई पुष्टि, चुनाव आयोग के जवाब का इंतजार
पुलिस ने रिपोर्ट में कहा है कि सोनिया गांधी वर्ष 1980 में भारतीय नागरिक नहीं थीं, लेकिन उस समय उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज था। उन्होंने वर्ष 1983 में भारतीय नागरिकता हासिल की थी। भाजपा सांसद व अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी कांग्रेस की दिग्गज नेता सोनिया गांधी की भारतीय नागरिकता हासिल करने के समय पर सवाल खड़े किए थे। कंगना ने पूछा था कि राजीव गांधी से शादी करने के करीब 15 साल बाद सोनिया गांधी ने भारतीय नागरिकता क्यों ली थी। उनके इस बयान के बाद राजनीति में एक बार फिर विदेशी मूल और नागरिकता का मुद्दा गरमा गया था। पुलिस ने अदालत को बताया कि इन तथ्यों की पुष्टि जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और गृह मंत्रालय से की गई है। पुलिस ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) से भी कुछ रिकॉर्ड मांगे हैं और उनके जवाब का इंतजार है। अदालत ने पुलिस को जांच पूरी करने के लिए समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को तय की गई है।
इसे भी पढ़ें : यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सस्पेंस! टिकट बंटवारे को लेकर इमरान मसूद का बड़ा बयान
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए किन दस्तावेजों का हुआ इस्तेमाल?
याचिका में आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी ने 30 अप्रैल 1983 को भारतीय नागरिकता हासिल की थी, जबकि उनका नाम वर्ष 1980 की मतदाता सूची में शामिल था। याचिका में सवाल उठाया गया है कि नागरिकता हासिल करने से पहले उनका नाम नई दिल्ली की मतदाता सूची में किस आधार पर दर्ज किया गया था और इसके लिए किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में यह भी सवाल उठाया गया है कि वर्ष 1982 में सोनिया गांधी का नाम मतदाता सूची से हटाया क्यों गया और यदि वर्ष 1983 में नागरिकता हासिल की गई, तो उससे पहले मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए किन दस्तावेजों का सहारा लिया गया।
शिकायतकर्ता ने अदालत में पेश किए अतिरिक्त दस्तावेज
शिकायतकर्ता विकास त्रिपाठी ने अदालत में वर्ष 1980, 1981 और 1983 की सत्यापित मतदाता सूचियों की प्रतियां दाखिल की थीं। इससे पहले 6 नवंबर को अदालत ने शिकायतकर्ता को अतिरिक्त दस्तावेज दाखिल करने की अनुमति दी थी। शिकायत में दावा किया गया था कि सोनिया गांधी का नाम नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में वर्ष 1980 में शामिल हुआ था, जबकि उन्होंने भारतीय नागरिकता वर्ष 1983 में हासिल की थी। आरोप के मुताबिक, उनका नाम वर्ष 1982 में मतदाता सूची से हटाया गया और बाद में फिर शामिल किया गया।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।