नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि नारी शक्ति के अधिकारों को लेकर हम संकल्पित हैं और महिला आरक्षण के रास्ते आने वाली प्रत्येक रुकावटों को खत्म करके ही रहेंगे। हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है।
लोकसभा की सीटों में 50 फीसद बढ़ोतरी का प्रस्ताव
गौरतलब है कि मोदी सरकार ने कैबिनेट की एक बैठक में महिला आरक्षण विधेयक के संशोधन को मंजूरी दे दी है। इसके तहत संसद और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण देने का प्रावधान है। इस प्रस्ताव में सभी राज्यों में लोकसभा की सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने की बात कही गई है। इसके अलावा मौजूदा सीटों के अनुपात में 25 साल तक कोई बदलाव नहीं करने का प्रस्ताव भी शामिल है। इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए संविधान संशोधन विधेयकों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच होने वाले संसद सत्र में चर्चा और पारित करने के लिए पेश किए जाने की संभावना है। इन विधेयकों पर संसद के दोनों सदनों में चर्चा हो सकती है। इस फैसले के बाद संसद में सरकार और विपक्ष के बीच जोरदार बहस की उम्मीद है। परिसीमन और आरक्षण से जुड़े इस महत्वपूर्ण कदम से भारतीय राजनीति की तस्वीर बदल सकती है।
इसे भी पढ़ें : महिला आरक्षण पर सियासी घमासान तेज, मायावती ने SC-ST महिलाओं के लिए मांगा अलग कोटा
हौसला बुलंद और इरादा अडिग : पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पीएम मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर अपना एक पुराना वीडियो भी शेयर किया। उन्होंने कहा कि मैं देश की हर नारी शक्ति को विश्वास दिलाता हूं, हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे, हटाकर के रहेंगे। हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है। वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा, नारीशक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वर्षों से मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक हूं। कितनी ही महिलाएं ये विषय मेरे सामने उठाती रही हैं। कितनी ही बहनों ने पत्र के द्वारा मुझे सारी बातें बताई हैं। उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि देश की 100 परसेंट नारीशक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।