सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच टिकट बंटवारे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि फिलहाल सीट बंटवारे के मुद्दों पर बातचीत जारी है। सपा से गठबंधन पहले से मौजूद है और आगे भी इस संबंध में चर्चा होगी। सभी लोग एक साथ बैठकर समस्याओं का समाधान निकालने की कोशिश करेंगे।
सभी सहयोगी दल मिलकर सुलझाएंगे मतभेद
उन्होंने भरोसा जताया कि सभी सहयोगी दल एक साथ बैठकर आपसी मुद्दों को सुलझाने का प्रयास करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस सांसद राकेश राठौर के बयान और उनके साथ अपने संबंधों को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की भूमिका और जिम्मेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर इमरान मसूद ने कहा कि प्रियंका गांधी हर चीज पर खुद नजर रखती हैं। वह सभी मामलों को स्वयं देखती हैं और संभालती हैं। ऐसे में उनके लिए अलग से जिम्मेदारी लेने की बात का कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस सांसद राकेश राठौर की ओर से संगठन और पार्टी के मौजूदा हालात को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने कहा कि उनकी राकेश राठौर से एक दिन पहले ही बातचीत हुई है। उन्होंने राठौर के स्वभाव का जिक्र करते हुए कहा कि जो व्यक्ति थोड़ा तेज मिजाज का होता है, उसका दिल अक्सर बहुत साफ होता है। उन्होंने कहा कि उनके और राकेश राठौर के बीच सब कुछ ठीक है।
नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद नहीं : राकेश राठौर
कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने प्रदेश संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ को पद संभाले दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक संगठन के संबंध में उनसे कोई विस्तृत बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए अभी तक नेताओं और कार्यकर्ताओं से पर्याप्त संवाद नहीं किया गया है। एआईसीसी महासचिव अविनाश पांडे को उनके पद से हटाए जाने के सवाल पर राकेश राठौर ने उनकी कार्यशैली की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अविनाश पांडे बेहद अनुभवी नेता थे और सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे। उनमें अहंकार बिल्कुल नहीं था। वे प्रत्येक कार्यकर्ता की बात ध्यान से सुनते थे। राठौर ने कहा कि कई बार वे अपनी नाराजगी भी उनके सामने जाहिर करते थे, लेकिन अविनाश पांडे मुस्कुराते हुए उनकी बातें सुनते और समाधान निकालने का प्रयास करते थे। उनके पास संगठन का अच्छा अनुभव था। उस समय बनी टीम, जिसमें अजय राय, अविनाश पांडे और उत्तर प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे, कांग्रेस को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही थी।
इसे भी पढ़ें : परिसीमन बिल पर INDIA गठबंधन एकजुट, खड़गे बोले- SC-ST के साथ हो सकता है अन्याय
असम और जम्मू-कश्मीर में परिसीमन से राजनीतिक प्रतिनिधित्व घटने का दावा
परिसीमन के मुद्दे पर इमरान मसूद ने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। मसूद ने आरोप लगाया कि परिसीमन की आड़ में अल्पसंख्यकों, दलितों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों को छीने जाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि जिस तरह असम और जम्मू-कश्मीर में परिसीमन किया गया, उससे संबंधित वर्गों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कम हुआ है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर राकेश राठौर ने उन्हें अपना साथी और भाई बताया। उन्होंने कहा कि वह पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि इमरान मसूद उनके करीबी साथी हैं, इसलिए उनके किसी बयान पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझते। इमरान मसूद उत्तर प्रदेश के बड़े नेता हैं और पूरे प्रदेश में उनका अच्छा जनसमर्थन है। ऐसे में उनके बयानों पर टिप्पणी करने से वह बचना चाहते हैं।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।