लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने महिला आरक्षण विधेयक पर अपनी सहमति जताई है। उन्होंने केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था करने की मांग उठाई है। उधर, कांग्रेस ने भी महिला आरक्षण विधेयक में अत्यंत पिछड़ी जातियों, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं के लिए विशेष कोटा देने की मांग की है।
लोकसभा की मौजूदा सीटों पर ही लागू हो महिला आरक्षण: कांग्रेस
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन कराना चाहते हैं और उनका असली मकसद संविधान में संसोधन करना है। पार्टी का कहना है कि महिलाओं को बराबरी और सम्मान का अधिकार मिलना चाहिए। कांग्रेस ने भाजपा पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने की बात कही है। कांग्रेस की मांग है कि लोकसभा की मौजूदा सीटें नहीं बढ़ाई जाएं और इसी संख्या पर महिला आरक्षण लागू हो। राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा अगले 25 साल तक ऐसे ही रहे।
बसपा सुप्रीमों ने की केंद्र से पुनर्विचार की अपील
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि यह फैसला ऐतिहासिक होता यदि एससी और एसटी समाज की महिलाओं को इसी में ही अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था कर दी जाती। इस पर केंद्र सरकार अभी भी सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ले तो यह जरूर ही उचित और न्यायपूर्ण भी होगा। मायावती ने देश की लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा में मौजूदा सीट संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि से संबंधित तीन विधेयकों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सर्वसमाज के लोग अच्छी सरकार के लिए, बिना किसी धर्म, जाति और क्षेत्रीयता की भावना में बहे हुए तथा बिना किसी लुभावने वादे, दावे और घोषणाओं के छलावे में आए हुए अच्छे लोगों को ही चुनने का संकल्प लें तो यह यहां देश के लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा और सम्मान में असली गारंटी होगी, जिसके लिए बसपा तत्पर है।
इसे भी पढ़ें : मुरादाबाद में दर्दनाक हादसा! रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, मां-बेटे समेत 4 की मौत
सीटें बढ़ने से महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़ेगी: JDU
उधर, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। संजय झा ने कहा कि पिछले पांच दशकों में प्रत्येक संसदीय और विधानसभा क्षेत्र की आबादी में काफी वृद्धि हुई है। इसी वास्तविकता को ध्यान में रखते हुए परिसीमन का प्रस्ताव लाया गया है। इससे प्रत्येक राज्य में लगभग 50 प्रतिशत सीटें बढ़ेंगी, जो समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का एक-तिहाई प्रावधान पहले ही पारित हो चुका है। अब सीटों की संख्या बढ़ने पर महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी उसी अनुपात में बढ़ेगी। यह स्वागत योग्य कदम है। संजय झा ने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देश में पहली बार बिहार में पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया था। उनका मानना था कि एक-तिहाई आरक्षण तो न्यूनतम गारंटी है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।