मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद में शनिवार को रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर में मां-बेटे समेत चार यात्रियों की मौत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में रोडवेज बस का एक हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
लदावली गांव के पास मची चीख-पुकार
यह हादसा मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली गांव में हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोडवेज बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के कारण चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद की। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। जिला अस्पताल के डॉक्टर नीरज अग्रवाल ने बताया कि शनिवार सुबह चार लोगों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। घायलों मे एक बच्चा भी शामिल था। उन्होंने बताया कि चारों लोगों को अस्पताल में मृत अवस्था में ही लाया गया था। इस हादसे में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
हादसे के कारणों का अभी नहीं हुआ खुलासा
आधिकारिक तौर पर अभी हादसे के कारण की जानकारी नहीं दी गई है। मृतकों की पहचान भी बाकी है। एक व्यक्ति ने कहा कि मुझे बस इतना पता है कि कांट रोड पर लडावली गांव के पास एक रोडवेज बस और ट्रैक्टर के बीच हादसा हुआ। इसमें मेरी बहन और भांजे की मौत हो गई है। वे स्टेशन से मुरादाबाद के सदूपुरा गांव में अपने घर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि हादसा किसके कारण हुआ है यह हमें नहीं पता है। अभी सिर्फ यह जानकारी मिली है कि रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसे भी पढ़ें : दिल्ली जल बोर्ड केस: सत्येंद्र जैन की जमानत पर संकट, हाई कोर्ट ने जारी किया नोटिस
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को हुई थी चार स्कूली छात्रों की मौत
इससे पहले, मंगलवार को उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चार स्कूली छात्रों की मौत हुई थी। कौशांबी से स्कूली बच्चों को पिकनिक पर लेकर बस आगरा गई थी। मंगलवार को सभी बच्चे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर बस खड़ी थी, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे। पुलिस ने बताया था कि एक्सप्रेसवे पर आगरा से लखनऊ की तरफ 209वें किलोमीटर के पास एक ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मारी। तिरवा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।