नई दिल्ली, 12 मार्च 2022
1. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात में सार्वजनिक कार्यक्रम।
पीएम मोदी आज गुजरात में सार्वजनिक कार्यक्रम करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की इमारत का उद्घाटन करेंगे साथ ही कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
2. मुख्यमंत्री योगी ने दिया इस्तीफा, उप्र में नई सरकार के गठन की कवायद शुरू
उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में BJP को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद नई सरकार के गठन की कवायद शुरू हो गई है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार शाम को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफा देने से पहले मुख्यमंत्री योगी ने कैबिनेट की बैठक की। इसके बाद वो सीधे राजभवन गये। उनके साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी थे। वहां उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को अपना इस्तीफा सौंपा।
3. पंजाब : भगवंत मान चुने गए विधायक दल के नेता
पंजाब में आम आदमी पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों ने भगवंत मान को विधायक दल का नेता चुन लिया है। अब मान शनिवार को राज्यपाल से मुलाकात करके सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। बतादें कि आम आदमी पार्टी के पंजाब के CM उम्मीदवार भगवंत मान 16 मार्च को शपथ लेंगे। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह के लिए दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल को आमंत्रित किया है। वो दिल्ली के CM केजरीवाल के साथ 13 मार्च को अमृतसर में रोड शो भी करेंगे।
4. महाराष्ट्र : वित्त मंत्री अजीत पवार ने पेश किया 24 हजार 353 करोड़ घाटे का बजट
महाराष्ट्र के वित्त मंत्री अजीत पवार ने शुक्रवार को राज्य का वर्ष 2022-23 का 24 हजार 353 करोड़ रुपये घाटे का बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस वित्तीय वर्ष में विभिन्न माध्यमों से 4 लाख 3 हजार 427 करोड़ रुपये जमा करने और 4 लाख 27 हजार 780 करोड़ रुपये खर्च करने का अंदाज व्यक्त किया है। अजीत पवार ने कहा कि बजट में भारत रत्न लता दीनानाथ मंगेशकर के स्मारक के लिए 100 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।
5. हार की डर से MCD चुनाव से भाग रही है BJP- सिसोदिया
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि BJP आगामी दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव में बुरी तरह से हारने वाली है। इसी हार की डर से BJP ने राज्य चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर चुनाव पर रोक लगा दी है।
6. ममता की नसीहत- ‘एकजुटता के लिए कांग्रेस पर निर्भर नहीं रहेंगे विपक्षी दल’
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 5 राज्यों के चुनाव परिणाम को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अपनी विश्वसनीयता खो रही है। इसलिए अब विपक्ष कांग्रेस पर निर्भर नहीं रह सकता।
7. बंगाल विधानसभा में 3.21 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश, शिक्षा व स्वास्थ्य की कई योजनाओं की घोषणा
पश्चिम बंगाल की वित्त मंत्री चन्द्रिमा भट्टाचार्य ने शुक्रवार को विपक्षी बीजेपी के बहिर्गमन के बीच 2022-23 के वित्तीय वर्ष के लिए 3.21 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। बजट में राजस्व प्राप्तियां एक लाख 98 हजार 47 करोड़ रुपये अनुमानित किया है। जबकि सार्वजनिक ऋण को एक लाख 14 हजार 958 करोड़ रुपये तक बढ़ाने का प्रस्ताव किया है। बजट में वित्तीय वर्ष के लिए पूंजीगत व्यय 33 हजार 144 करोड़ रुपये और राजस्व व्यय 2 लाख 26 हजार 326 करोड़ रुपये होने का अनुमान दर्शाया गया है।
8. छत्तीसगढ़ : सुकमा में एक लाख के इनामी नक्सली सहित 10 ने किया आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के सुकमा में शुक्रवार को एक लाख रुपये के इनामी नक्सली सहित 10 नक्सलियों ने पुलिस और CRPF अधिकारियों के समक्ष बिना हथियार के आत्मसमर्पण किया। ये सभी नक्सली दरभा डिवीजन अन्तर्गत कांगेरघाटी और कटेकल्याण एरिया कमेटी में सक्रिय थे, सभी नक्सली थाना तोंगपाल क्षेत्र के निवासी हैं। इसमें से तीन नक्सली चर्चित टाहकवाड़ा घटना में और शेष नक्सली अन्य विभिन्न घटनाओं में शामिल थे। अब इन सभी नक्सलियों को शासन की पुनर्वास योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
9. वाराणसी में ढाई टन पटाखों का जखीरा बरामद, दो गिरफ्तार
जिले की चौक पुलिस ने होली से पहले हड़हा सराय के एक निर्माणाधीन मकान में छापा मार कर करीब ढाई टन पटाखों का जखीरा बरामद किया। मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
10. जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर में आर्मी एविएशन का चीता हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट की मौत
जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर में शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त आर्मी एविएशन के चीता हेलीकॉप्टर के पायलट की मौत हो गई है जबकि सह-पायलट गंभीर रूप से घायल है। ये हादसा उस समय हुआ जब हेलीकॉप्टर सैनिकों को लेने के लिए जा रहा था। इस दुर्घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई हैं और अस्पताल में भर्ती सह पायलट की हालत गंभीर है।