नई दिल्ली, 13 अप्रैल 2022
1. समान नागरिक कानून और जनसंख्या नियंत्रण कानून जल्द लाएं प्रधानमंत्री- राज ठाकरे
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बहुत जल्द समान नागरिक कानून और जनसंख्या नियंत्रण कानून लाना चाहिए। ऐसा ना करने से देश को काफी नुकसान हो रहा है। साथ ही ठाकरे ने सरकार को चेतावनी दी है कि मस्जिदों से अगर 3 मई तक लाऊडस्पीकर नहीं उतारे गए तो हर मस्जिद के सामने हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।
2. सुरक्षा कारणों के चलते पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को नजरबंद किया गया
PDP अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा को मंगलवार को सुरक्षा कारणों के चलते उनके श्रीनगर स्थित आवास में नजरबंद कर दिया गया है। महबूबा मुफ्ती मंगलवार को हरमैन शोपियां में आतंकी हमले में घायल हुए दुकानदार सोनू कुमार बालाजी कश्मीरी पंडित के परिवार से मिलने जाने वाली थीं, लेकिन उन्हें नहीं जाने दिया गया।
3. 44 घंटे से ज्यादा चला भारत के सबसे ऊँचे रोपवे से 47 लोगों को बचाने का रेस्क्यू ऑपरेशन
देवघर में त्रिकुट पर्वत पर रोप-वे हादसे में फंसे लोगों को एयरफोर्स के जवानों ने हेलिकॉप्टर से 2500 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर ट्रॉलियों में फंसे सभी लोगों को निकाल लिया गया है। इस घटना में कुल 4 लोगों की मौत हो गई है। ऊंचाई पर होने की वजह से यह सबसे मुश्किल रेस्क्यू रहा। इस ऑपरेशन में 47 लोगों को रेस्क्यू किया गया।
4. त्रिकूट रोपवे हादसा : पन्नालाल ने रस्सी और कुर्सी के सहारे बचायी 11 लोगों की जान
त्रिकूट रोपवे हादसे में त्रिकुट के पास बसडीहा गांव के पन्नालाल पंजीयारा और उसके साथियों ने अपने साहस और सूझबूझ से 11 लोगों की जान बचाई। बताया जा रहा है कि पन्ना लाल और उनके कुछ सहयोगियों ने सेना के हेलीकॉप्टर आने से पहले ही रस्सी और कुर्सी के सहारे त्रिकूट रोपवे दुर्घटना में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू कर दिया था।
5. झारखंड हिल्स दुर्घटना के बाद केंद्र ने राज्यों से अपनी रोपवे परियोजनाओं की समीक्षा करने को कहा
झारखंड के देवघर में त्रिकूट हिल्स में दुर्घटना के मामले में केंद्र सरकार ने राज्यों से अपनी सभी रोपवे परियोजनाओं के संबंध में स्थिति की समीक्षा करने का आग्रह किया है। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने इस संबंध में राज्यों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि सभी राज्य सुनिश्चित करें कि रोपवे के संचालन और रखरखाव के लिए आकस्मिक योजनाएं और सुरक्षा ऑडिट की व्यवस्था लागू हो। उन्होंने रोपवे से जुड़ी आकस्मिक स्थितियों से निपटने के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल करने के भी निर्देश दिए। साथ ही राज्य मानक प्रक्रिया (SOP) और आकस्मिक योजना के मुताबिक रोपवे संचालन के संबंध में तैयारियों के उपायों की नियमित रूप से समीक्षा करने के लिए एक उपयुक्त स्तर के वरिष्ठ अधिकारी को नामित करें।
6. देवघर एयरपोर्ट को मिला DGCA का लाइसेंस, जल्द शुरू होंगी सेवाएं
नगर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने देवघर एयरपोर्ट को विमानों के उड़ानों को शुरू करने के लिए लाइसेंस मंगलवार को जारी कर दिया है। अब देवघर एयरपोर्ट से विमान उड़ान भर सकेंगे। एयरपोर्ट को व्यावसायिक उड़ानों के लिए एयरोड्रोम लाइसेंस मिल चुका है।
7. एक दिन में 102 फ्लाइटों का संचालन कर श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने रचा इतिहास
श्रीनगर एयरपोर्ट ने एक बार फिर नया इतिहास रच दिया है। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट में एक दिन में रिकॉर्ड संख्या में 102 फ्लाइट का संचालन हुआ है और इसमें 15,200 यात्रियों ने सफर कर 11 अप्रैल को इतिहास का सबसे व्यस्त दिन बना दिया है। इससे पहले श्रीनगर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने 28 मार्च को एक ही दिन में श्रीनगर एयरपोर्ट से 90 फ्लाइट का संचालन किया था।
8. पूर्वोत्तर क्षेत्र के आर्थिक विकास में योगदान देने का नितिन गडकरी ने किया आह्वान
बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय की ओर से डिब्रूगढ़ में 11 अप्रैल से आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय “वाटरवेज कॉन्क्लेव 2022” के दूसरे दिन केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने वर्चुअली रूप से संबोधित किया। उन्होंने सभी हितधारकों से केंद्र सरकार की पहल और पूर्वोत्तर के आर्थिक विकास के उद्देश्य से प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत भागीदारी का सर्वोत्तम उपयोग करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने सभी हितधारकों से बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों के साथ जलमार्गों के माध्यम से व्यापार में शामिल होकर पूर्वोत्तर क्षेत्र के आर्थिक विकास में योगदान देने का आग्रह किया।
9. हिंसा पीड़ित महिलाओं की सहायता के लिए देश भर में 300 और वन स्टॉप सेंटर किए जाएंगे स्थापित
केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि हिंसा से पीड़ित महिलाओं की सहायता के लिए देश भर में 300 और वन स्टॉप सेंटर स्थापित किए जाएंगे। मुंबई में पश्चिमी क्षेत्र के राज्यों और हितधारकों के क्षेत्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बहु-क्षेत्रीय दृष्टिकोण के साथ चुनौतियों का समाधान करके महिलाओं के स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
10. भारत ने क्वाड सहयोग के तहत कंबोडिया को सवा तीन लाख कोविड टीके दिए
मंगलवार को क्वाड वैक्सीन पार्टनरशिप के तहत कंबोडिया को कोविड टीकों की शुरुआती डिलीवरी की गई। कंबोडिया में भारत की राजदूत देवयानी खोबरागड़े ने कंबोडिया में ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के दूतावासों के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से कंबोडिया के प्रधानमंत्री को मेड-इन-इंडिया कोविशील्ड टीकों की 3 लाख 25 हजार खुराक की एक खेप सौंपी।