नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि जिस तरह होमगार्ड प्रदर्शन के चलते आज अरविंद केजरीवाल को अपना भाषण बीच में छोड़कर जाना पड़ा वो प्रमाण है कि केजरीवाल सरकार के कारनामे अब उनके सामने आ रहे हैं।
श्री सचदेवा ने कहा कि अपने 9 साल के शासन में दिल्ली में सामान्य नागरिक, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग या खुद आम आदमी पार्टी के समर्थकों सहित समाज का कोई ऐसा वर्ग नहीं, जिसे मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने राजनीतिक लाभ के लिए ठगा ना हो।
आज जिन होमगार्डों के विरोध के चलते अरविंद केजरीवाल को भाषण छोड़कर भागना पड़ा, उनके जीवन के साथ भी केजरीवाल सरकार ने खिलवाड़ किया है। बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए होमगार्ड एवं सिविल डिफेन्स में युवाओं को राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से नौकरी पर रखा और जब प्रशासनिक एतराज आया तो उन्हें उनके भाग्य पर छोड़ दिया।