नई दिल्ली, 01 जनवरी 2022
1. नए साल का पहला दिन देश के अन्नदाताओं को समर्पित- प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि 2022 का पहला दिन देश के अन्नदाताओं को समर्पित रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी आज ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ (पीएम-किसान) की 10वीं किस्त जारी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “नव वर्ष, 2022 का पहला दिन देश के अन्नदाताओं को समर्पित। दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम-किसान की 10वीं किस्त जारी करने का सौभाग्य मिलेगा। जिसके तहत 20 हजार करोड़ की राशि के ट्रांसफर से 10 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को लाभ मिलेगा।”
2. चुनावी बॉन्ड की 19वीं किश्त को मिली मंजूरी, आज से शुरू होगी बिक्री
इस साल 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने ‘चुनावी बॉन्ड’ की 19वीं किश्त जारी करने को मंजूरी दे दी है, जो 1 से 10 जनवरी, 2022 तक बिक्री के लिए खुली रहेगी। इस साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और गोवा में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वित्त मंत्रालय ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) को एक से 10 जनवरी, 2022 के बीच उसकी 29 शाखाओं के जरिए चुनावी बॉन्ड जारी करने और भुनाने के लिए अधिकृत किया गया है। SBI की 29 शाखाएं लखनऊ, गुवाहाटी, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, शिमला, देहरादून, कोलकाता, पटना, नई दिल्ली, गांधीनगर, भोपाल, चंडीगढ़, श्रीनगर, रायपुर और मुंबई जैसे शहरों में हैं।
3. विनय कुमार त्रिपाठी होंगे रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और CEO
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी को रेलवे बोर्ड का नया चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। विनय कुमार सुनीत शर्मा की जगह लेंगे। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने शुक्रवार को भारतीय रेलवे इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग सेवा के 1983 बैच के अधिकारी वीके त्रिपाठी को रेलवे बोर्ड का चेयरमैन और सीईओ के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने 6 महीने की अवधि यानी दिसंबर, 2022 तक के लिए उनके सेवा विस्तार को भी मंजूरी दी है। त्रिपाठी 30 जून 2022 को सेवानिवृत्ति होने वाले थे। लेकिन एसीसी द्वारा उनके पुनर्नियोजन के निर्णय के चलते वो अब 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2022 तक पद पर रहेंगे।
4. कपड़ा उत्पादों पर GST 5% से बढ़ाकर 12% करने का फैसला सरकार ने टाला
वस्तु एवं सेवा कर (GST) की नीति-निर्धारक संस्था जीएसटी काउंसिल ने कई राज्यों की आपत्तियों के बाद कपड़ा उत्पादों पर शुल्क की दर को 5 फीसदी से बढ़ाकर 12 फीसदी करने का फैसला टाल दिया गया है। काउंसिल की बैठक के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने टेक्सटाइल्स पर टैक्स 5 फीसदी पर बनाए रखने का ऐलान किया। वित्त मंत्री ने कहा कि कई चीजों पर GST की दर को तर्कसंगत बनाने के लिए एक समिति बनाई गई है, जो फरवरी में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
5. जम्मू-कश्मीर में साल 2021 में 182 आतंकियों का हुआ सफाया- डीजीपी
जम्मू कश्मीर में साल 2021 में 100 सफल ऑपरेशन हुए, जिनमें 182 आतंकियों का सफाया हुआ है। इन आतंकियों में 44वें टॉप कमांडर थे, जो पाकिस्तान के इशारे पर घाटी में हत्याओं और अन्य आतंकी वारदातों को अंजाम देकर वहां दहशत फैला रहे थे। इन 44 टॉप कमांडरों में लश्कर के 26, जैश के 10, हिजबुल मुजाहिदीन के 7, जबकि अलबदर का 1 टॉप कमांडर शामिल था। ये जानकारी जम्मू-कश्मीर पुलिस के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस दिलबाग सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि दहशतगर्दों के लिए साल 2021 बहुत ही बुरा साबित हुआ और कश्मीर में अमन शांति को नुकसान पहुंचाने की मंशा को लेकर वारदातों को अंजाम देने वाले इन दहशतगर्दों को पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया है।
6. देश में कोविड टीकाकरण का आंकड़ा 145 करोड़ पार
देश में शुक्रवार को साल 2021 के आखिरी दिन 145 करोड़ कोविड विरोधी वैक्सीन की खुराक दिए जाने का आकंड़ा पार कर लिया है। केन्द्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने इसके लिए डॉक्टरों और वैज्ञानिकों का आभार जताया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मंनसुख मंडाविया ने कहा कि चुनौतीपूर्ण-2021 साल में अपार धैर्य, दृढ़ता और संकल्प शक्ति प्रदर्शित करने के लिए हमारे डॉक्टरों, वैज्ञानिकों, स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के योद्धाओं का आभार।
7. कोरोना के चलते राष्ट्रपति भवन और संग्रहालय आज से बंद
कोविड महामारी के फिर से बढ़ते मामलों को देखते हुए राष्ट्रपति भवन और उसके संग्रहालय को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए एहतियात के तौर पर राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति भवन संग्रहालय का भ्रमण आम जनता के लिए आज से लेकर अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है। गार्ड ऑफ चेंज समारोह भी अगली सूचना तक आयोजित नहीं होगा।
8. ओमिक्रॉन को लेकर WHO ने दुनिया को किया आगाह
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की उप महानिदेशक डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे से दुनिया को आगाह किया है। उन्होंने अमेरिका में कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या पर चिंता जाहिर करते हुए ओमिक्रॉन पर भी चर्चा की है। डॉ. सौम्या ने कहा है कि ओमिक्रॉन से भले ही कम गंभीर बीमारियां हो रही हैं, लेकिन इसके खतरे और भी हैं। एक बड़ी संख्या का कम प्रतिशत भी बहुत बड़ा होता है। इससे प्रभावित देशों की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा सकती है। कोरोना का कोई भी वेरिएंट हो, वैक्सीनेशन ही सुरक्षा प्रदान करता है।
9. Omicron के बीच इजराइल में Florona का पहला केस मिला- रिपोर्ट
दुनियाभर को कोरोना और ओमिक्रॉन ने अपनी जकड़ में किया हुआ है। इसी बीच इजराइल में Florona का पहला केस मिला है। फ्लोरोना COVID-19 और इन्फ्लूएंजा (फ्लू) का डबल इंफेक्शन है। ये जानकारी अरब न्यूज ने गुरुवार को दी है।
10. ODI सीरीज़ के लिए KL राहुल बने कप्तान, जसप्रीत बुमराह उपकप्तान
साउथ अफ्रीका में होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। घायल रोहित शर्मा वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए हैं। ऐसे में KL राहुल को कप्तान बनाया गया है। जबकि जसप्रीत बुमराह को उपकप्तान बनाया गया है। चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने शुक्रवार रात (साल के आखिरी दिन) को टीम का ऐलान किया। बतादें कि 19 जनवरी को पार्ल में मुकाबले के साथ वनडे सीरीज की शुरुआत होगी। 21 जनवरी को पार्ल में ही पहला और 23 जनवरी को केपटाउन में पार्ल में ही दूसरा और 23 जनवरी को केपटाउन में आखिरी वनडे मैच खेला जाएगा।
देखें आज का अखबार :